भाजपा के स्थापना दिवस पर छह बंदियों को जेल से रिहा किया गया।

in #mirzapur2 years ago

मिर्ज़ापुर: प्रदेश सरकार की पहल पर जिला कारागार में जुर्माना अदा न करने पर सजा काट रहे छह बंदियों को भाजपा के स्थापना दिवस पर बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया।download.jpeg जेल से रिहा होने के बाद बंदियों समेत उनके स्वजन ने सरकार के पहल की सराहना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कारागार (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने गत दिनों डीजी कारागार आनंद कुमार व समाज सेवी संस्थानों के साथ लखनऊ में एक बैठक की। बैठक में जेल में सजा की अवधि पूरी कर चुके बंदियों की रिहाई पर विमर्श हुआ। जुर्माने की राशि अदा नहीं करने के कारण अभी भी सजा काट रहे बंदियों के जुर्माने की राशि जमा कराकर रिहाई करने पर सहमति बनी।

बैठक में समाज सेवी संस्थाओं ने सरकार के इस पहल पर रजामंदी जताई तो सरकार की ओर से जुर्माना अदा नहीं करने के कारण सजा काट रहे बंदियों की सूची जेल प्रशासन से मांगी। जेल प्रशासन की ओर से भेजी गई सूची में ऐसे प्रदेश के कुल 136 बंदी पाए गए। इनपर कुल आठ लाख 75 हजार 770 रुपये जुर्माने की राशि होना बताया गया। इसमें मीरजापुर के छह बंदी शामिल हैं,जिनपर 27 हजार 548 रुपये जुर्माना होने की बात कही गई।

समाज सेवी संस्था (एमकेजी मेकिग नॉक फर गुड) फाउंडेशन की ओर से जुर्माने की राशि अदा कर दी गई। इसकी जानकारी होने पर सरकार ने बंदियों को भाजपा के स्थापना दिवस छह अप्रैल को छोड़ने का निर्णय लिया। सरकार के आदेश पर जेलर सुभाष यादव ने सजा काट रहे मुनाऊ ऊर्फ मुन्ना साहनी पुत्र रामधनी साहनी (जुर्माना 13381) , मुर्तजा ऊर्फ खच्चर पुत्र अब्दुल जब्बार( जुर्माना 2100), परवेज पुत्र युसूफ (जुर्माना 1067), मो. गुडडू उर्फ शहजादे पुत्र वैश लियाकत अली (जुर्माना 8000), शनि यादव पुत्र नान्हू यादव ( जुर्माना एक हजार), अर्जुन विश्वकर्मा पुत्र शिव प्रसाद विश्वकर्मा (जुर्माना दो हजार) (कुल 27548 रुपये) को छोड़ दिया। जेल से रिहा होने के बाद इन सभी ने राहत की सांस ली।