शिक्षा के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती

in #mandla2 years ago

स्कूलों में शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें - हर्षिका सिंह
001.jpeg
विद्यालय के प्रथम दिवस कलेक्टर ने बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत
मंडला. नवीन शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस नवीन प्राथमिक शाला बैगाटोला भंडारताल में आने वाले बच्चों का कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तिलक लगाकर स्वागत किया। श्रीमती सिंह ने उपस्थित बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित शाला आने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि पालक शिक्षक संघ के सदस्यों का सहयोग प्राप्त करते हुए शालाओं में शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस अवसर पर डीपीसी बीपी ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत केके पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
004.jpeg
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि समग्र विकास के लिए शिक्षा नितांत आवश्यक है। शिक्षा के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बच्चों से आव्हान किया कि वे स्वयं नियमित रूप से स्कूल आएं तथा अपने साथियों को भी साथ में लेकर आएं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों तथा शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अनुपस्थित रहने वाले तथा कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की सूची बनाकर उनसे संपर्क करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें। इस संबंध में उन्होंने मुनादी कराने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों से मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम में मध्यान्ह भोजन का संचालन स्व-सहायता समूह के माध्यम से सुनिश्चित करें। मध्यान्ह भोजन में मीनू का सख्ती से पालन कराएं। ग्राम में खेल मैदान के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्यवाही करें। कलेक्टर ने ग्रामीणों से खाद्यान्न वितरण, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। पुलिया निर्माण में हो रहे विलंब के संबंध में ग्रामीणों द्वारा जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को जल्द पुलिया का निर्माण पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
005.jpeg
शिक्षा में गुणवत्ता जरूरी :
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शाला शिक्षकों को निर्देशित किया कि शिक्षा में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। समय पर पाठ्यक्रम पूरा करें। शाला स्तर पर नवाचार करें। विद्यालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान देते हुए शैक्षिक वातावरण तैयार करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी कक्षा के अनुसार दक्षताएं अर्जित कराना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विषय आधारित प्रश्न पूछे तथा ब्लेकबोर्ड पर प्रश्न हल कराएं।
कलेक्टर ने बैगा महिला को नाम लिखना सिखाया :
002.jpeg
नवीन प्राथमिक शाला बैगा टोला भंडारताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पालक शिक्षक सदस्यों से उनकी शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने बैगा महिला अनीता भारतीया को अक्षरज्ञान कराते हुए नाम लिखना सिखाया। एक कुशल शिक्षक की भांति कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नाम लिखते समय अनीता भारतीया का हाथ पकड़कर नाम लिखने में सहायता की तथा उसका आत्मविश्वास बढ़ाया। अनीता भारतीया ने कलेक्टर को विश्वास दिलाया कि वह अब नियमित रूप से सामाजिक चेतना केन्द्र जाकर पढऩा-लिखना सीखेगी।
खुद पढ़ेगी और दूसरों को पढ़ाएगी दुर्गेशनी :
बैगाटोला भंडारताल निवासी दुर्गेशनी यादव ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को बताया कि उसने इस वर्ष कक्षा दसवी की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वह अपनी पढ़ाई को आगे भी जारी रखना चाहती है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गेशनी को जिला मुख्यालय के स्कूल में प्रवेश दिलाते हुए हॉस्टल में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने दुर्गेशनी यादव से कहा कि वह उपलब्ध समय में अपने ग्राम के निरक्षर महिला-पुरूषों को वित्तीय रूप से साक्षर बनाने में सहयोग करें। दुर्गेशनी ने विश्वास दिलाया कि वह सामाजिक चेतना केन्द्र के माध्यम से अपने ग्राम को पूर्ण साक्षर बनाने का प्रयास करेगी।
कलेक्टर ने दिलाई नैतिक मतदान की शपथ :
003.jpeg
भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगाटोला भंडारताल के निवासियों को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई। कलेक्टर ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है जिसका सभी को उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोभ-लालच में आए बिना अपने मत का बेहतर उपयोग करें। कोई भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए।

Sort:  

Sahi baat hai Shiksha Ke Bina Jivan Adhura Hai

Good

Nice

Nice

Good