निवास क्षेत्र में आकाशीय बिजली का कहर

in #mandla2 years ago

008.jpg

  • अलग-अलग क्षेत्र में दो महिला की मौत, पांच हुए घायल, एक मवेशी भी मृत

मंडला। जिले में मानसून सक्रिय है, रोजाना जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली का भी कहर बरप रहा है। जिसकी चपेट में इंसान के साथ मवेशी भी आ रहे है। इस घटना में लोग असमय काल के गाल में समा रहे है। इस समय किसानों का डेरा खेतों में है। खेती कार्य में सब लगे हुए है। इसी दौरान लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ रहे है।

009.jpg

जानकारी अनुसार निवास थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों पर आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने की खबर आई। घटना में दो पुरूष समेत तीन महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हो गई। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां पर सभी का इलाज जारी है।
बता दें कि निवास थाना क्षेत्र के ग्राम मुरलापानी में देर रात्रि एक ही परिवार के पांच लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। जिसमें 2 पुरुष सहित 3 महिलाएं झुलस गई। घायलों में भगतसिंह पिता जवाहर सिंह उम्र 65 वर्ष, बैजंती पति भोंदू सिंह उम्र 23 वर्ष, हरिश्चंद्र पिता ज्ञान सिंह उम्र 26 वर्ष, मालती बाई पति गिरवल उम्र 42 वर्ष, फुलिया बाई पति भगत सिंह उम्र 50 वर्ष झुलस गये है। सभी का उपचार स्वास्थ्य केन्द्र में किया जा रहा है। उक्त घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।

  • ग्राम जंगलिया में एक महिला की मौत :
    0011.jpg
    जिले भर में रूक रूक कर बारिश का दौर जारी हैं। वही आकाशीय बिजली का कहर भी बरप रहा है। निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जंगलिया में आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध महिला इसकी चपेट में आ गई। बताया गया कि ग्राम जंगलिया निवासी बिरिया बाई पति बुद्धन सिंह 65 वर्ष जो की गांव के पास भुट्टा बाड़ी पर काम कर रही थी, इसी दौरान अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वृद्धा महिला उसकी चपेट में आ गई और मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुंची और पीएम कराकर महिला के शव को परिजनों को सौप दिया हैं।

  • रोपा लगाते समय गिरी आकाशीय बिजली, महिला की मौत :
    निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम थानाम गांव की महिला सेम बाई यादव पति बसोरी यादव 45 वर्ष जो काम करने जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील थाना खितौला के ग्राम भीठा कला गई हुई थी। बता दे कि महिला खेत में रोपा लगाने का कार्य कर रही थी। वही खेत पर अन्य लोग भी काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हुई और तेज गर्जना के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे वहां रोपा लगा रही सेम बाई उसकी चपेट में आ गई और मौत हो गई। घटना की जानकारी खितौला पुलिस को दी गई। महिला का पीएम कराकर शव मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के ग्राम थानम गांव लाया जा रहा हैं। जहां महिला का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • आकाशीय बिजली से मवेशी की मौत :
    0010.jpg
    आकाशीय बिजली का कहर लगातार जारी हैं। निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेहरा सिवनी में आकाशीय बिजली गिरने से एक गाय की मौत हो गई हैं। घटना के संबंध में बताया गया की हामिद खान पिता हबीब खान 47 वर्ष की जरसी गाय खेत में चरने गई हुई थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली जामुन के पेड़ पर गिरी। उसी पेड़ के नीचे गाय भी खड़ी हुई थी। जिसकी चपेट में गाय भी आ गई और घटना स्थल पर ही गाय की मौत हो गई। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गई हैं। वही पीडि़त ने मुआवजे की मांग की हैं।