उमस ने किया परेशान, दोपहर बाद बरस पड़े बादल

in #mandla2 years ago

बारिश के पहले गर्मी चरम पर, तेज धूप से बचने बरत रहे सावधानी
005.jpeg
मंडला. नौतपा के बाद आसमान से आग बरस रही है। दिन-ब-दिन न्यूनतम तापमान में इजाफा हो रहा है। आसमान से आग बरस रही है। सुबह 7 बजे से लेकर शाम सात बजे तक गर्मी से हाल बेहाल है। इसके बाद उमस से लोग पसीने से तर-बतर हो रहे है। बता दे कि नौतपा के दौरान मंडला जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक गया है। नौतपा खत्म होते ही गर्मी का असर तो बढ़ा लेकिन उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रिकार्ड किया गया।
जानकारी अनुसार उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा और न्यूनतम तापमान गुरूवार की अपेक्षा 01 डिग्री बढ़कर 26.8 हो गया। वही अधिकतम तापमान में कमी आई है। लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से मौसम मेहरबान रहा। आसमान में बादल छाए रहे, जिसके कारण सूर्य देव की तीखी किरणों से लोगों को राहत मिली, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। उमस भरी गर्मी के कारण लोग कूलर, पंखों, एसी की शरण दिनभर रहे। लेकिन जिले के कुछ क्षेत्रोंं में अचानक मौसम ने करवट ली और दोपहर करीब तीन बजे आसमान में काले बादलों ने अपना डेरा डाल दिया और जमकर बरस पड़े। रिमझिम बारिश से शुरूआत होकर बारिश करीब आधे घंटे तक जमकर बरसते रहे।
कूलर की बढ़ी रफ्तार :
गर्मी से राहत पाने लोगों ने सुबह से ही पंखे, कूलर व एसी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पंखे, कूलर, एसी की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ भी बढ़ती जा रही है। कुछ लोग पुराने कूलर व पंखे को रिपेयरिंग भी करा रहे हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि कूलर व पंखे की तुलना में एसी की मांग कम है। अधिक कीमत के साथ ही बिजली बिल में बढ़ोत्तरी होने के चलते लोग एसी कम खरीदते हैं। गर्मी आते ही कूलरों में लगाए जाने वाले खस की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर शहर से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली मिस्त्रियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। अब मानसून आने वाला है, लेकिन उमस भरी गर्मी से निजात पाने लोग नए कूलर, पंखे खरीदने के बजाय बंद पड़े कूलर व पंखे को निकालकर मिस्त्री के पास ले जा रहे हैं।