ऐतिहासिक किला व शीतला माता मंदिर का होगा जीणोउद्धार

IMG-20220412-WA0008.jpg

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सौ दिन में शामिल हुए दोनो कार्य

मैनपुरी। कितना प्यारा तुझे रब ने बनाया, जी करें देखता रहूं, करिश्मा कपूर अभिनीत फिल्म राजा हिन्दुस्तानी के गाने के पक्तियां कुछ समय बाद मैनपुरी के ऐतिहासिक महाराजा तेजसिंह के किला और शीतला माता मंदिर की सुंदरता पर सटीक बैठती नजर आएगी। क्यों कि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने अपने सौ दिन के कार्यों में मैनपुरी के ऐतिहासिक किला और प्राचीन शीतला देवी मंदिर को शामिल किया है। रविवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों ने दोनों स्थानों का नक्शा प्रस्तुत किया। लोगों से सुझाव भी मांगे गए। प्रस्ताव पास होने पर निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।
सदर विधायक जयवीर सिंह ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री का कार्यभार संभालते ही महाराजा तेज सिंह के किला और मां शीतला देवी मंदिर के जीर्णाेद्धार एवं संरक्षण के निर्देश दिए थे। इस पर तेजी से काम शुरू हुआ और विभागीय टीम ने मैनपुरी आकर दोनों स्थलों का सर्वे कर नक्शा तैयार किया। रविवार को पर्यटन मंत्री के कैंप कार्यालय पर विकास कार्य की प्रस्तुति दी गई। प्रोजेक्टर के माध्यम से किला और मंदिर के नक्शे व अन्य कार्यों को दिखाया गया। पर्यटन मंत्री ने कहा कि मां शीतला देवी के मंदिर और किले को भव्य रूप दिया जाएगा। प्रयास रहेगा कि जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिले।

आलीशान होगा प्रवेश द्वार

महाराजा तेज सिंह किला के मुख्य द्वार को आलीशान बनाया जाएगा। दीवारों पर महाराजा तेज सिंह का इतिहास लिखा जाएगा। दरबार-ए-हाल में म्यूजियम बनाया जाएगा। पर्यटकों को लुभाने के लिए किला परिसर में लाइटिंग और साउंड शो की व्यवस्था होगी। ओपन कैफेटेरिया के साथ दीवारों पर आकर्षक पेटिंग और नक्काशी होगी। आसपास के क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। सड़क को चौड़ा कर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही किला स्थित रानी का मंदिर (शिव मंदिर) और रामजानकी मंदिर को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। मंदिरों के प्रवेश द्वार भव्य होंगे।

22 हजार वर्ग मीटर में होगा शीतला माता मंदिर

ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा। मंदिर 22 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगा। इनमें कॉम्पलेक्स एरिया 15 हजार वर्ग मीटर का होगा तथा मंदिर जीर्णाेद्धार 1132 वर्ग मीटर में होगा। मुख्य द्वार से लेकर अंदर का परिसर भव्य और आकर्षक होगा। मंदिर परिसर में विश्राम गृह, डोरमेट्री, अन्नपूर्णा स्थल (किचन और फूडजोन) भी बनेंगे।

क्या बोले पर्यटनमंत्री

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मैनपुरी के ऐतिहासिक स्थल महाराजा तेज सिंह के किला और मां शीतला देवी के मंदिर को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए नक्शा तैयार कर लिया गया है। रविवार को आमजन को नक्शा दिखाकर सुझाव मांगे गए हैं। जल्द ही दोनों को निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।