भाजपा सरकार में एक जिला एक उत्पाद योजना बदहाल : सपा अध्यक्ष

in #lucknow2 years ago

spa.jpeg
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश विकास के हर क्षेत्र में बुरी तरह पिछड़ता जा रहा है। समाजवादी सरकार के समय प्रारम्भ ‘एक जिला एक उत्पाद‘ योजना आर्थिक तंगी, कर्ज और भाजपा की सरकारी कुनीतियों के कारण प्रारम्भ होते ही समाप्तप्राय हो गई है।

उन्होंने कहा कि इस योजना का मजाक बनाते हुए कुछ जनपदों में अवैध खनन और वृक्षों के अवैध कटान का धंधा भी भाजपा ने चला रखा है। भय, भ्रष्टाचार और उत्पीडऩ के रास्ते वह समाज को तबाह कर रही है। पिछड़ों, दलितों, बुनकरों और दस्तकारों की हालत सरकारी उपेक्षा के चलते दयनीय होती जा रही है।

सपा सरकार में प्रस्तुति और विपणन पर रखा जाता था विशेष
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार ने जिलों के परम्परागत उत्पादों को बाजार में लाभप्रद मूल्य दिलाने और उसके कारीगरों की आर्थिक बेहतरी के लिए ‘एक जिला, एक उत्पाद योजना‘ की शुरूआत की थी। समाजवादी सरकार में जिले के उत्पादों की बिक्री की बेहतर व्यवस्था की दृष्टि से लखनऊ में ‘अवध शिल्प बाजार‘ की स्थापना भी की गई थी। समय-समय पर प्रदेश के विभिन्न स्थानों और मुख्यत: राजधानी लखनऊ में होने वाले समारोहो, उत्सवों में जिलों के उत्पादों की प्रस्तुति एवं विपणन पर विशेष ध्यान रखा जाता था।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने परम्परागत उद्योगो के कारीगरों को आर्थिक-सामाजिक सुरक्षा देने के बजाय समाजवादी सरकार की योजना और जनपदीय कारीगरों की उपलब्धियों को अपनी बताकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली है। भाजपा सरकार के समय जिले के उद्योगों से जुड़े कारीगरों को ‘एक जिला एक उत्पाद‘ योजना का लाभ तो मिलने से रहा, बिचौलियों की जरूर बन आई है। भाजपा राज में प्रत्येक जनपद के नये-नये अपराधिक उत्पाद पैदा कर दिए। ऐसे संगठित गिरोह में हैं जिनका काम खनिज सम्पदा की लूट करना और वृक्षों का अवैध कटान करना है।