कासगंज-गौतम बुद्ध जयंती के उपलक्ष्य में हुआ समारोह ।
कासगंज- जिले के गंजडुंडवारा कस्बा के एटा रोड स्थित शाक्य छात्रावास परिसर में तथागत गौतम बुद्ध जयंती के उपलक्ष्य में समारोह हुआ। जिसमें अतिथि बौद्ध धर्म गुरुओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में महात्मा गौतम बुद्ध द्वारा दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ममतेश शाक्य ने कहा कि भगवान बुद्ध ने समाज को जो रास्ता दिखाया, वह मानवता के कल्याण का रास्ता है। उनके अनुयायी भारत में ही नहीं दुनियाभर में हैं। अहिंसा परमो धर्म का पालन करते हुए सभी को जीवों पर दया करनी चाहिए। चेयरमैन संजीव महाजन ने भगवान बुद्ध को श्रद्धा पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा बुद्ध ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने का काम किया। उनके अनुयायी आज विश्वभर में उनके बताए सिद्धान्तों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। हमें भी इस कार्य मे योगदान करना चाहिए। कार्यक्रम अध्यक्ष रामौतार शाक्य व महामंत्री जिला पंचायत सदस्य आराम सिंह शाक्य ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान पूर्व चेयरमैन राजीव कुमार गुप्ता, संचालक राजेश मौर्य, विनोद कुमार शाक्य, विद्यासागर शाक्य, अवनीश शाक्य, भूपेंद्र कुशवाहा, राम नरेश यादव समेत अन्य मौजूद रहे।