Karnataka: मंत्री उमेश कट्टी का दिल का दौरा पड़ने से निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख, नौ सितंबर तक राजकीय शोक

in #karnatak2 years ago

b89005b67f9a870d3eda86c03847ddfcb4ff8b7fbb0ed61c6988506a43768ffb.webp
कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और वन मंत्री उमेश कट्टी का मंगलवार रात करीब 10 बजे एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 61 साल के थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। इस बीच उमेश कट्टी का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। राज्य सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में पूरे राज्य में 9 सितंबर तक राजकीय शोक की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "श्री उमेश कट्टी जी एक अनुभवी नेता थे जिन्होंने कर्नाटक के विकास में भरपूर योगदान दिया। उनके निधन से आहत हूं। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।" वहीं सीएम बोम्मई ने कहा, "मैंने अपना एक बेहद करीबी दोस्त खो दिया है। वह मेरे लिए भाई की तरह थे। उन्हें दिल की कुछ समस्या थी, लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले जाएंगे। उन्होंने राज्य के लिए बहुत काम किया। उन्होंने कई विभागों को कुशलता से संभाला। यह राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है।"

बेलगावी के स्कूल-कॉलेज बंद
सीएम बोम्मई ने कहा कि उनके (उमेश कट्टी) शव को अस्पताल से एयर एंबुलेंस से ले जाया जाएगा। संकेश्वर में बुधवार दोपहर दो बजे तक जनता के दर्शन के बाद सभी प्रक्रियाएं की जाएंगी। बेलगावी जिले के बागेवाड़ी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेलगावी में बुधवार को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।

अपने आवास के स्नानगृह में गिर गए थे
सूत्रों के मुताबिक, कट्टी बेंगलुरु में डॉलर्स कॉलोनी स्थित अपने आवास के स्नानगृह में गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें एमएस रमैया अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उमेश कट्टी के परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी हैं।
सीएम बोम्मई समेत कई नेताओं ने जताया शोक
राज्य के राजस्व मंत्री आर अशोक ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार, जब कट्टी को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी नब्ज रूक गई थी। उन्होंने कट्टी के निधन को भारतीय जनता पार्टी और बेलगावी जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। सीएम बोम्मई ने ट्वीट किया, "मेरे करीबी सहयोगी कर्नाटक के वन मंत्री उमेश कट्टी के असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ। उनके निधन से राज्य ने एक कुशल राजनयिक, सक्रिय नेता और वफादार लोक सेवक खो दिया है।"
सिद्धारमैया ने ट्वीट कर संवेदना जताई
जल संसाधन मंत्री गोविंद करजोल, स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर और कई भाजपा नेताओं सहित बोम्मई के कई कैबिनेट सहयोगी खबर मिलने पर अस्पताल पहुंचे। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, "खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री उमेश कट्टी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले।"