देवघटा नाथ को जल चढ़ाने से दूर होता है कालसर्प दोष : पंडित केदारनाथ शुक्ल

IMG-20220802-WA0030.jpgजलाभिषेक कार्यक्रम
देवघटा नाथ को जल चढ़ाने से दूर होता है कालसर्प दोष : पंडित केदारनाथ शुक्ल ।
देवघटा स्थित भगवान शिव का सोनभद्र के जल से आज हुआ जलाभिषेक
सीधी। जलाभिषेक कार्यक्रम के दौरान आज 2 अगस्त को जिला मुख्यालय के समीपी गांव देवघटा में स्थित शिव मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने शंकर भगवान का जलाभिषेक किया। विदित हो कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सावन मास में युवा नेता गुरुदत्त शरण शुक्ल मालिक के नेतृत्व में जलाभिषेक कार्यक्रम की शुरुआत की गई। जिसके तहत आज प्रथम दिन देवघटा में भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। इसके पश्चात आगामी 5 अगस्त को चंद्ररेह शिव मंदिर में अभिषेक होगा, तीसरा कार्यक्रम 10 अगस्त को बढ़ौरा स्थित भोलेनाथ का जलाभिषेक सोनभद्र के जल से किया जाएगा। आज के जलाभिषेक कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीधी विधानसभा के विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ल शिव भक्तों के साथ देवघटा जलाभिषेक करने पहुंचे, उनके साथ नवनिर्वाचित जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार भी उपस्थित रहे। आज प्रातः 9:00 बजे युवा नेता गुरुद्वारा शुक्ल मालिक के नेतृत्व में हजारों वाहनों के काफिले के साथ शिवभक्त सीधी शहर का भ्रमण कर हर हर महादेव का जयघोष करते हुए देवघटा मंदिर पहुंचे, जहां लोगों ने सोनभद्र का जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
जलाभिषेक के उपरांत भगवान भोलेनाथ की महिमा को बताते हुए सीधी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि देवघटा में भगवान शिव को जल चढ़ाने से कालसर्प दोष दूर होता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की अपार महिमा है, भगवान भोलेनाथ की कृपा श्रद्धालुओं पर बराबर बनी रहती है। विधायक श्री शुक्ला जी ने कहा कि सावन के पवित्र माह में भगवान शिव के जलाभिषेक का अलग ही महत्व है भगवान भोलेनाथ बहुत ही सरल व सहज हैं वह केवल एक लोटा जल चढ़ाने से भी अपने भक्तों पर प्रसन्न हो जाते हैं। नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार की विजयश्री पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद हम लोगों पर सदैव रहता है। जलाभिषेक कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सीधी विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि इससे हमारे क्षेत्र में स्थित धार्मिक स्थलों का महत्व भी बढ़ेगा और भगवान पर लोगों की एक अटूट आस्था बनेगी। उन्होंने इसके लिए गुरुदत्त शरण शुक्ल व उनकी टीम को धन्यवाद भी दिया। जनपद पंचायत सीधी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार जी ने कहा कि जलाभिषेक जैसे एक अद्वितीय कार्यक्रम की शुरुआत कर गुरुदत्त शरण शुक्ल ने क्षेत्र में भक्ति की एक अलख जगाई है, इस नवाचार से धर्म के प्रति लोगों की आस्था बढ़ी है वहीं हमारे जिले में स्थित धार्मिक स्थलों का महत्व आज और भी बढ़ चुका है। जलाभिषेक कार्यक्रम के आयोजक गुरुदत्त शरण शुक्ल मालिक ने हजारों की संख्या में आये शिव भक्तो का आभार व्यक्त किया, और उन्होंने आगामी जलाभिषेक कार्यक्रम 5 अगस्त को चंद्रेह शिव मंदिर एवं 10 अगस्त को बढौरा शिव मंदिर कार्यक्रम में लोगों से शामिल होने की अपील की। देवघटा स्थित शिव मंदिर पहुंचे हजारों शिव भक्तों ने जलाभिषेक के बाद भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया।

Sort:  

हमने आपकी खबर को लाइक किया आप भी हमारी भी खबरों को लाइक कीजिए