कटनी जिले के पारेषण नेटवर्क को मिली मजबूतीः जिले का 7वां सबस्टेशन

in #jabalpur2 years ago

जबलपुर। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने भारत के केन्द्र बिंदु (हृदय स्थल) करौंदी के पास रूपये 34.52 करोड़ की अनुमानित लागत से निर्मित 132 के.व्ही. ढ़ीमरखेडा-पनागर लाइन एवं 13 करोड़ रूपये 74 लाख की अनुमानित लागत (कुल रूपये 48.26 करोड़) से निर्मित 132 के.व्ही. ढ़ीमरखेडा (मुरवारी) सबस्टेशन को 50 एम.व्ही.ए. ट्रांसफार्मर क्षमता के साथ ऊर्जीकृत करने में सफलता प्राप्त की है।
ढ़ीमरखेडा क्षेत्र में उपभोक्ताओ को मिलेगा भरपूर फायदा
मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता इंजी. प्रमोद बहरे ने बताया कि जापान इंटरनेशनल कोआपरेशन एजेंसी (जायका) द्वारा वित्त पोषित एवं मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा निर्मित किये इस 132 के.व्ही. सबस्टेशन के निर्माण से ढ़ीमरखेडा, मुरवारी, रमखिरिया, खिरहनी, मझगवां, पान उमरिया, दर्शामन, सिलौडी क्षेत्र के करीब 30 हजार घरेलू एवं कृषि विद्युत उपभोक्ताओं को फायदा पहुॅचेगा अब उन्हे गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उचित वोल्टेज और न्यूनतम व्यवधान के साथ उपलब्ध रहेगी।
24 कि.मी. के स्थान पर साढे चार कि.मी. से मिलेगी सप्लाई
विद्युत सप्लाई हेतु 220 के.व्ही. उपकेंद्र पनागर से ढीमरखेड़ा (मुरवारी) हेतु 54 किलोमीटर लंबी 132 के.व्ही. की लाइन तैयार की गई है। अब उपभोक्ताओं को 132 के.व्ही. सबस्टेशन मनसकरा से 24 कि.मी. की 33 के.व्ही. के लंबे फीडर के स्थान पर 4.5 कि.मी. फीडर के माध्यम से तथा 132 के.व्ही. सबस्टेशन स्लीमनाबाद से 33 के.व्ही. के 30 कि.मी. लंबे फीडर के स्थान पर 15 कि.मी. फीडर से विद्युत आपूर्ति की जायेगी।
प्रदेश का 408वां सबस्टेशन
ढ़ीमरखेडा (मुरवारी) मध्यप्रदेश का 408वां अति उच्चदाब का सबस्टेशन है, मध्यप्रदेश में इस समय 400 के.व्ही. के 14 सबस्टेशन, 220 के.व्ही. के 86 सबस्टेशन तथा 132 के.व्ही. के 308 सबस्टेशन संचालित है। मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के लिये इस सबस्टेशन के लिये अति उच्चदाब लाइनों का निर्माण मेसर्स एल.एंड.टी. तथा सबस्टेशन का निर्माण मेसर्स श्रीम् ने किया है।
कटनी जिले का 7वां अति उच्चदाब सबस्टेशन
132 के.व्ही. सबस्टेशन ढ़ीमरखेडा (मुरवारी), कटनी जिले का 7वां अति उच्चदाब सबस्टेशन है इसके पहले कटनी जिले में 400/220 के.व्ही. के 01 सबस्टेशन तथा 132 के.व्ही. के 05 सबस्टेशनों द्वारा विद्युत पारेषण किया जाता था। इस सबस्टेशन के ऊर्जीकृत होने से कटनी जिले की पारेषण क्षमता बढकर 1726 एम.व्ही.ए. की हो गई है। जिसमें 400 के.व्ही. साइड 630 एम.व्ही.ए., 220 के.व्ही. साइड 480 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. साइड 616 एम.व्ही.ए. है।
मई 1965 में पहला अति उच्चदाब सबस्टेशन बना था कटनी का
कटनी में 12 मई 1965 में 132 के.व्ही. का पहला सबस्टेशन शांति नगर कटनी में बना था तब उसकी क्षमता 12.5 एम.व्ही.ए. की थी जो आज बढ़कर 120 एम.व्ही.ए. की हो गई है, इसके अलावा वर्तमान में कटनी जिले में 400 के.व्ही. सबस्टेशन कटनी, 132 के.व्ही. सबस्टेशन कैमोर, 132 के.व्ही. सबस्टेशन बरही, 132 के.व्ही. सबस्टेशन स्लीमनाबाद एवं 132 के.व्ही. सबस्टेशन मनसकरा संचालित है जिनके माध्यम से कटनी जिले में मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी विद्युत पारेषण करती है।