महिला ने फ़ायरिंग कर रहे हमलावर को मारी गोली, बचाई कई लोगों की जान
अमेरिका में पुलिस ने बताया है कि पार्टी में जा रही एक महिला ने एक संभावित गोलीबारी से लोगों को बचाया है। पुलिस का कहना है कि एक पुरुष अपनी सेमी-ऑटोमेटिक राइफ़ल से लोगों पर गोलीबारी कर रहा था तभी महिला ने अपनी पिस्तौल से उस पुरुष को गोली मार दी।
वेस्ट वर्जीनिया के चार्ल्सटन में एक बंदूक़धारी ने 30 से 40 लोगों को निशाना बनाना चाहा था। पुलिस प्रवक्ता टोनी हैज़लेट ने कहा कि महिला ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई जानों को बचा लिया। यह घटना ऐसे मौक़े पर हुई है जब देश में बंदूक़ों को लेकर बहस चल रही है। संदिग्ध हमलावर बुधवार की शाम उस सड़क से तेज़ी से गाड़ी लेकर गया था जहां पर बच्चे खेल रहे थे। इसको लेकर उसे कहा गया था कि वो धीरे गाड़ी चलाई। इसके बाद वो अपनी एआर-15-टाइप राइफ़ल के साथ आया और गाड़ी से ही एक बर्थडे-ग्रेजुएशन पार्टी पर गोली चलाने लगा।
पुलिस प्रवक्ता हैज़लेट ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि महिला की पहचान नहीं हुई है और उन्होंने क़ानूनी रूप से हथियार ले रखा था। उन्होंने घटनास्थल से भागने के बजाय हमलावर से निपटते हुए कई जानों को बचा लिया। घटना के बाद महिला घटनास्थल पर ही थी और उसने जांचकर्ताओं की मदद की। पुलिस ने बताया है कि महिला के ख़िलाफ़ कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है जबकि 37 वर्षीय डेनिस बटलर का आपराधिक इतिहास था, कई गोलियां लगने के बाद उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।