Taj Mahal: हॉट वेदर-ऑफ सीजन में भी ताज के दीदार का जोश हाई,पांच दिन रात्रि दर्शनशुरू

in #india2 years ago

n39468341616550176855291619932aa244f4a0facd70965cf7b7fae91d49c60879cb4ebe8b71523e098565.jpgआगरा। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल के दीदार का क्रेज पर्यटकों में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी बरकरार है। दोपहर में ऊपर से आग उगलते सूरज और नीचे तपते पत्थरों के बीच वीकेंड में 20 हजार से अधिक और अन्य दिनों में औसतन 16 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल के दीदार को पहुंच रहे हैं।

शनिवार को भी 22 हजार से अधिक पर्यटकों ने स्मारक का दीदार किया।

आगरा में अक्टूबर से मार्च तक पर्यटन सीजन रहता है। अप्रैल से सितंबर तक तापमान अधिक होने की वजह से यहां पर्यटक कम आते हैं और इसे आफ सीजन कहा जाता है। कोरोना काल में वर्ष 2020 में 17 मार्च से 20 सितंबर तक और वर्ष 2021 में 16 अप्रैल से 15 जून तक ताजमहल बंद रहा था। इस बार ऐसा नहीं है और ताजमहल खुला हुआ है। चार जून से यहां तापमान 45 डिग्री के आसपास बना होने के बावजूद पर्यटक अच्छी संख्या में आ रहे हैं। इसकी वजह इन दिनों स्कूलों में चल रही छुट्टियों को माना जा रहा है। शनिवार को 22223 पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे, जिनमें 21597 भारतीय और 626 विदेशी शामिल थे।
44 पर्यटकों ने किया ताज रात्रि दर्शन

शनिवार से ताजमहल में पांच दिवसीय रात्रि दर्शन की शुरुआत हो गई। पहले दिन दो बैच में 44 पर्यटकों ने रात्रि दर्शन किया। रात 8:30 से नौ बजे के बैच में पांच और रात नौ से 9:30 बजे के बैच में 39 पर्यटकों ने रात्रि दर्शन किया। रविवार के रात्रि दर्शन के लिए पर्यटकों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के माल रोड स्थित कार्यालय से शनिवार को टिकट बुक कराईं।