इंदौर में मंगलवार को जमकर बरसे बादल, शहर तरबतर, चार घंटे में साढ़े चार इंच बारिश दर्ज

in #heavy2 years ago

05_07_2022-heavy_rain_in_indore_city_mp_202275_15232.jpgशहर में नगर निगम चुनाव के एक दिन पहले बादल दोपहर बाद जमकर बरसे। मंगलवार सुबह से ही कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो रही थी और सूरज बादलों की ओट में ही छुपा था। दोपहर 11.30 बजे से शहर में झमाझम वर्षा शुरू हो गई। कुछ ही देर में सड़कों पर जलजमाव होना शुरू हो गया था। मौसम विभाग के अनुसार शहर में शाम तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिणी पूर्वी मध्य प्रदेश पर बने कम दबाव का क्षेत्र के कारण इंदौर में गरज चमक के साथ तेज वर्षा हो रही। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक शहर में साढ़े चार इंच (109 मिमी) बारिश दर्ज की गई।
तेज वर्षा के कारण दृश्यता भी कम हो गई थी, जिसके कारण वाहन चालकों को लाइट शुरू करना पड़ी थी। बारिश के कारण सड़कों पर जलजमाव हो गया। ऐसा लग रहा था कि सड़कों पर नदी बह निकली। सड़कों पर कहीं कहीं घुटनों तक पानी भर गया था और वाहन विशेषकर दो पहिया वाहन बंद हो रहे थे।
नगर निगम चुनाव के दौरान 6 जुलाई को इंदौर में वर्षा बाधक नहीं बनेगी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में बुधवार को दोपहर बाद हल्की वर्षा का दौर कुछ स्थानों पर दिखाई दे सकता है। सोमवार को शहर में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद विजयनगर, खंडवा रोड सहित शहर के अलग-अलग हिस्सों में कुछ देर के लिए हल्की वर्षा हुई। मंगलवार को सुबह कई जगह हल्की वर्षा हुई और बादल छाए रहे।

एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर सोमवार शाम 5.30 बजे तक 0.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई। सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानी एचएस पांडे के मुताबिक वर्तमान में दक्षिणी झारखंड के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बन गया है। वहीं पश्चिमोत्तर राजस्थान और उत्तर-मध्य अरब सागर से द्रोणिका गुजर रही है।
अरब सागर से मिल रही नमी के कारण शहर में हल्की वर्षा दिखाई दे रही है। इसके अलावा एक मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, सीधी से उड़ीसा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। यह सिस्टम प्रभावी होने से 7 जुलाई के बाद इंदौर में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। अभी इंदौर में तापमान अधिक न होने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के बादल नहीं बन रहे हैं। इस वजह से तेज बौछारें देखने को नहीं मिल रही हैं। 6 जुलाई को शहर में दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है।