बादाम समझ जंगली फल खाने से आठ बच्चे बीमार, दो गंभीर

in #health2 years ago

पडरौना । विशुनपुरा के दुदही वार्ड नंबर सात बड़हरा बुजुर्ग में गुरुवार की देरशाम सात बजे जंगली फल को कच्चा बादाम समझ कर खाने से आठ बच्चों की हालत बिगड़ गई। हालत गंभीर देख स्वजन में अफरा-तफरी मच गई। सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर शुक्रवार की शाम सात बजे छह बच्चों को घर भेज दिया गया। दो बच्चों का दुदही सीएचसी में इलाज चल रहा हैं।

उक्त वार्ड की गुड़िया पुत्री धर्मेंद्र नौ वर्ष, यशराज पुत्र धर्मेंद्र 11 वर्ष, गोलू पुत्र लड्डू 10 वर्ष, सचिन पुत्र बलिस्टर 10 वर्ष, लप्पु पुत्र जिंतेंद्र 11 वर्ष, शिवम आठ वर्ष, दीपू 10 वर्ष, छोटे पांच वर्ष घर से कुछ दूरी पर खेलने गए थे। शाम को ठंड लगने पर आग जलाने के लिए पेड़ का पत्ता इकट्ठा करने लगे। स्वजन के अनुसार इस दौरान एक जंगली वृक्ष के पास गए उससे फल गिरा था। बच्चे कच्चा बादाम समझ कर खाने लगे। फिर डंडा से तोड़ कर खाए और छह बजे घर पहुंचे। एक घंटे बाद सभी बच्चों को उल्टी दस्त व पेट में तेज दर्द होने लगा। बच्चों की हालत बिगड़ती देखकर स्वजन में अस्पताल में भर्ती कराए। डा. अरविंद कुमार ने बताया कि दो बच्चे दोपहर बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। उपचार किया जा रहा है। स्थिति में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी कर दी जाएगी।