युवाओं को रास आएगा पुस्तकालय का नया परिवेश

in #hardoi2 years ago

IMG_20220415_223915.jpg
हरदोई । राजकीय पुस्तकालय साहित्यिक प्रेमियों के साथ-साथ युवाओं को भी रास आएगा। पुस्तकालय में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सारी सामग्री उपलब्ध होगी। बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ-साथ खेल सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। राजकीय पुस्तकालय का नया परिवेश सभी वर्ग के पाठकों के लिए उपयोगी साबित होगा।

राजकीय इंटर कालेज परिसर में राजकीय पुस्तकालय संचालित है। कोरोना काल के कारण विगत दो वर्ष से पुस्तकालय की गतिविधियां ठप थी। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद प्रशासन की मदद से पुस्तकालय को नया लुक दिया जा रहा है। पुस्तकालय में विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से जहां संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वहीं नई-नई पुस्तकों काे शामिल किया गया है। पाठकों के लिए बेहतर साहित्य तो उपलब्ध है। जेईई, टीईटी, पीईटी, सिविल सर्विस, लेखपाल भर्ती, पुलिस भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें उपलब्ध रहेंगी। पत्रिकाएं कुरूक्षेत्र, इंडिया टुडे, विज्ञान प्रगति भी उपलब्ध कराई गईं हैं। बच्चों के लिए चिल्ड्रेन कार्नर भी बनाया गया है। जहां पर बच्चों के लिए उपयोगी पुस्तकों के अलावा खेल सामग्री भी उपलब्ध है। जहां पर बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल का भी मजा ले सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि जिलाधिकारी अविनाश कुमार व सीडीओ आकांक्षा राना के सहयोग से पुस्तकालय में नए संसाधन उपलब्ध कराएं जा रहे है। पुस्तकों के अलावा पाठकों को समाचार पत्र और पत्रिकाएं भी उपलब्ध रहेंगी।