पुलिस आरक्षी के घर समेत तीन घरों में चोरी, छत से आरक्षी के घुसे घर, नकदी-ज्वेलरी लेकर हुए फरार

in #hardoi6 months ago

IMG-20240209-WA0003.jpg
हरदोई :- थाना क्षेत्र बघौली के अंतर्गत चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोर और नकबजन कभी भी वारदातों को अंजाम देकर बेखौफ फरार हो जाते हैं। घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। इलाके के लोगों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोश देखा जा रहा है।बतातें चलें थाना क्षेत्र बघौली के ग्राम महरी में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। चोरों ने सुनियोजित तरीके से रेकी कर घटना को अंजाम दिया है। संजय पुत्र जमुना प्रसाद वर्मा, विपिन सिंह पुत्र लल्लन सिंह व उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात सूरज सिंह पुत्र संतोष सिंह के घर पर चोरों ने छत की ड्रिल में साड़ी बांधकर घर में घुसकर तीनों घरों से सामान व नगदी व ज्वेलरी पर हाथ साफ किया। पीड़ित सूरज सिंह ने बताया वह लघुशंका के लिए उठे तो उनका दरवाजा बाहर से बंद था, उन्होंने अपने पिता संतोष सिंह को दरवाजा खोलने के लिए आवाज दी, संतोष सिंह पुत्र के कमरे का भी दरवाजा बाहर से बंद था, इसी बीच संतोष सिंह को कुछ अजीब समान गिराने की आवाज सुनाई दी, वह अपने आस पड़ोस के लोगों को फोन किये, जब तक गांव के लोग एकत्रित होते, तब तक चोर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना में सभी तीनों घरों से लाखों कीमत के सोने चांदी के आभूषण समेत नकदी पर हाथ साफ किया है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उजागर होने पर ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। घरों के अंदर सामान बिखरा हुआ देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। संदूक बक्सा एवं अलमारी के लॉक टूटे हुए थे। नकदी एवं अमानती सामान गायब था। घटना की जानकारी पीड़ितों ने बघौली पुलिस को दी। गांव में पहुंची पुलिस ने चोरी की घटनाओं का जायजा लिया है। बघौली थाना अध्यक्ष ने बताया जांच चल रही हैं, पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है।