हरिहरन, शिल्पा राव, सौरभ दफ्तरी ने चैरिटी म्युज़िक कॉन्सर्ट "रेहमतें  8" का किया एलान

in #hardoi2 years ago

IMG-20220821-WA0026.jpg
अनूप जलोटा, शंकर महादेवन, हरिहरन और शिल्पा राव 25 अगस्त को मुंबई में करेंगे परफॉर्म !

"संगीतम चैरिटेबल ट्रस्ट" एक ऐसा ट्रस्ट है जो म्युजिकल प्रोग्राम "रेहमतें " का 7 साल से आयोजन करके म्युज़िक से जुड़े ज़रूरतमंद फ़नकारों पर रहमतों की बारिश कर रहा है। जी हां, यह ट्रस्ट लगातार पिछले सात वर्षों से संगीत क्षेत्र से जुड़े कलाकारों को आर्थिक सहायता प्रदान करता आ रहा है। अब 25 अगस्त 2022 को मुंबई में रहमतें म्युज़िक कॉन्सर्ट के 8 वें एडिशन का आयोजन करने जा रहा है। सौरभ दफ्तरी ने इस कार्यक्रम के विवरण की घोषणा करने के लिए पद्मश्री हरिहरन और शिल्पा राव को आमंत्रित किया। इस साल यह प्रोग्राम पहले से अधिक भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है जिसकी तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं।

इस साल पद्मश्री शंकर महादेवन, पद्मश्री हरिहरन,पद्मश्री अनूप जलोटा और शिल्पा राव जैसी हस्तियां इस म्युज़िक कॉन्सर्ट में परफॉर्म करेंगी। इस कॉन्सर्ट में एक नया बैंड अर्बन जोगी भी परफॉर्म करेगा, जो यहां मौजूद ऑडिएंस के लिए एक सरप्राइज पैकेज होगा।

रहमतें 8 की विशेषता यह है कि इस वर्ष जरूरतमंद, वृद्ध, योग्य संगीतकारों और बच्चों को इस संगीतमय कार्यक्रम की आय से मदद मिलेगी। यह अनोखा और शानदार संगीत समारोह 25 अगस्त को मुंबई के षणमुखानंद ऑडिटोरियम, किंग सर्कल, सायन में होगा। इस शानदार आयोजन की गवाह पूरी संगीत इंडस्ट्री, संगीत प्रेमी और शहर की सबसे प्रतिष्ठित हस्तियां होंगी। इस समारोह में जावेद अख्तर मुख्य अतिथि होंगे और अमृता फडणवीस गेस्ट ऑफ ऑनर होंगी।

जिन लोगों को आर्थिक मदद मिलेगी उनके नाम पद्मश्री हरिहरन, पद्मश्री अनूप जलोटा और सौरभ दफ्तरी जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों के एक पैनल द्वारा तय किए जाएंगे। ई-बिज़ एंटरटेनमेंट एलएलपी, इस कॉन्सर्ट की मेजबानी कर रहा है ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके।