महिला आरक्षी की दरियादिली, तेलंगाना से भटक कर आई महिला को कराया भोजन, किराया देकर भेजा घर

in #gonda2 years ago

IMG-20220521-WA0006.jpg

गोंडा। पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर भले ही महकमे की आलोचना की जाती हो लेकिन विभाग में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो समय समय पर मानवता की मिसाल पेश कर विभाग के मित्र पुलिस की छवि को मजबूत बनाते हैं। ऐसा ही एक वाकया गोंडा जिले में सामने आया है जहां पर एक महिला आरक्षी ने तेलंगाना राज्य से भटक कर आई महिला को न सिर्फ अपने साथ रख कर उसे भोजन कराया बल्कि उसे समझा-बुझाकर उसके माता-पिता से उसकी बात भी कराई। महिला आरक्षी ने दरियादिली दिखाते हुए महिला को खर्चे के रूप में ₹1000 देकर उसे बस में बिठाया और उसे उसके घर के लिए रवाना कराया।

दरअसल तेलंगाना स्टेट के अदलाबाद की रहने वाली एक महिला घर से नाराज होकर घर से निकली थी। शुक्रवार को वह भटकते हुए गोंडा नगर कोतवाली पहुंच गई। नगर कोतवाली के महिला हेल्प डेस्क पर मौजूद महिला आरक्षी सोनाली वर्मा ने जब महिला को देखा तो उसे पूछताछ के लिए अपने पास बुला लिया। पूछताछ में महिला ने आरक्षी के पूरी घटना बताई और रास्ता भटकने की बात कही। इस पर सोनाली वर्मा ने पीड़ित महिला को उसके घर भेजने का भरोसा दिलाते हुए अपने घर ले जाकर उसे खाना खिलाया। जब महिला की स्थिति थोड़ी नॉर्मल हुई तो महिला आरक्षी ने उसके माता-पिता का नंबर लेकर उसकी बात भी कराई। सोनाली वर्मा ने मानवता दिखाते हुए महिला को एक हजार रुपये नकद देकर उसे बस पर बिठाकर उसके घर भेजा। महिला आरक्षी की मानवता पर पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा ने उसकी सराहना की है।