बैंक के सहकर्मियों से परेशान हो युवती ने जहर खाकर दे दी जान

in #ghaziabad2 months ago

1000606046.jpg

एक्सिस बैंक नोएडा की क्षेत्रीय शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करने वाली घूकना निवासी शिवानी त्यागी (27) ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। उन्होंने पांच पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। इसमें आत्महत्या के लिए बैंक के तीन कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया है। शिवानी के भाई गौरव की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 108 के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अन्य आरोपी अज्ञात में हैं।
गौरव ने बताया कि बहन काफी समय से शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। उन्होंने घर में किसी को कुछ नहीं बताया। 12 जुलाई की शाम करीब सवा चार बजे जहर खा लिया। एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) के लिए रेफर कर दिया गया।
वहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद घर में बहन के कमरे में देखा तो एक सुसाइड नोट मिला। इसमें बहन ने आपबीती लिखी थी। इसी के आधार पर नंदग्राम थाने में बैंक कर्मचारी ज्योति चौहान, मोहम्मद अकरम, नजमुस शाकिब व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अपशब्द कहे, थप्पड़ मारा : गौरव ने बताया कि एमबीए करने के बाद 21 अक्तूबर 2023 से बहन बैंक में नौकरी कर रही थीं। सुसाइड नोट पढ़ने के बाद पता चला कि करीब छह महीने से ज्याेति उन्हें परेशान कर रही थी। वह उन पर अभद्र टिप्पणी करती थी। दफ्तर के लोग उसका साथ देते थे। 29 जून को ज्योति ने अपने साथियों के साथ बहन की मेज पर खाना खाया।
मेज गंदी हो गई तो बहन ने साफ करने के लिए कहा। इस पर उन्हें अपशब्द कहे गए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। नौ जुलाई को ज्योति ने फिर से गलत शब्द बोले। उनका हाथ पकड़ा और नाखून लगने पर खून भी निकलने लगा। इसके बाद उन्हें थप्पड़ मार दिया। सीनियर को सभी बात बताई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।