पशु से टक्कर के बाद पेट में सींग घुसने से युवक की मौत

in #ghaziabad25 days ago (edited)

1000696746.jpg

टीला मोड़ थाना क्षेत्र में ऑक्सी होम्स सोसायटी के पास मंगलवार रात बाइक सवार निखिल सक्सेना (21) की पशु से टक्कर हो गई। हादसे में उसके पेट में सींग घुसने से वह घायल हो गया। दो दोस्त उसे घायल हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है।
दिल्ली के हर्ष विहार निवासी निखिल सक्सेना (21) अपनी मौसी के पास बिजली बिल के पेपर रोल बनाने का काम करता था। वह दसवीं कक्षा तक पढ़ाई कर चुका था। पिता विजय कुमार के देहांत के बाद वह अपनी मां आरती सक्सेना के साथ घर को संभालता था। परिवार में 15 साल की बहन प्राची दसवीं कक्षा की छात्रा है। मामा संजय ने बताया कि मंगलवार दोपहर 12 बजे करीब निखिल अपने दोस्त गौरव के साथ किसी काम से बाइक पर बाहर गया था। ढाई बजे करीब कुछ देर के लिए घर लौटा था लेकिन पानी पीकर वह दोबारा से गौरव के साथ चला गया।
उसके बाद रात आठ बजे तक उसका कुछ पता नहीं चला। मां आरती ने उन्हें निखिल के घर वापस न आने की जानकारी दी तो वह अन्य लोगों के साथ भांजे को तलाश करने लगे। रात करीब नौ बजे दिल्ली जीटीबी अस्पताल में निखिल के भर्ती होने की सूचना मिली। वहां पता चला कि निखिल लहूलुहान हालत में दोस्त गौरव और शिवकुमार को ऑक्सी होम्स के पास सड़क पर पड़ा मिला था। उसके पेट में गहरा घाव था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल से मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में आया कि निखिल और गौरव के एक दोस्त की मुरादनगर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। मृतक की बाइक पाइपलाइन मार्ग पर चौकी में खड़ी थी। दोनों अपने एक अन्य दोस्त शिवकुमार के साथ बाइक लेने चौकी गए थे। वहां से लौटने के दौरान निखिल मृतक दोस्त की बाइक चला रहा था। दुर्घटना में बाइक क्षतिग्रस्त होने की वजह से उसकी हेडलाइट नहीं जल रही थी। जैसे ही वह टीला मोड़ में ऑक्सी होम्स सोसायटी से आगे पहुंचे तो अंधेरे में उसकी सड़क पर खड़े पशु से टक्कर हो गई। जिसमें पशु का सींग उसके पेट में घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।