फिल्म अभिनेता अन्नू कपूर के साथ हुई लाखों की धोखाधड़ी

in #fraud2 years ago

IMG-20221001-WA0010.jpgजाने-माने फिल्म अभिनेता और टेलीविजन प्रस्तुतकर्ता अन्नू कपूर के साथ केवाईसी के नाम पर 4.36 लाख रुपये धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस धोखाधड़ी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और अन्नू कपूर को उनके 3.08 लाख रुपये वापस मिल गए

धोखाधड़ी करने वाले ने अभिनेता अन्नू कपूर के साथ एक बड़े प्राइवेट बैंक में उनके एकाउंट के केवाईसी अपडेट करने के नाम पर ये ठगी की। ओशीवारा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, "गुरुवार को एक व्यक्ति ने अन्नू कपूर को फोन किया। उसने कहा कि वो बैंक का स्टाफ़ है और अन्नू कपूर जी को अपने एकाउंट का केवाईसी अपडेट करने की ज़रूरत है जिसके बाद उन्होंने अपना बैंक डीटेल और ओटीपी शेयर किया।"

पुलिस अधिकारी ने बताया, "कुछ समय बाद फोन करने वाले अन्नू कपूर के खाते से 4.36 लाख रुपये दो अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उनके बैंक ने उन्हें इस लेन-देन के बारे में जानकारी दी और उन्हें बताया कि उनके बैंक खाते के साथ गड़बड़ी हुई है।" अन्नू कपूर ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी और जिन बैंकों में उनके खाते से पैसा ट्रांसफर हुआ था, उन्हें इसे लेकर संपर्क किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों बैंक खातों को सील कर दिया गया है और अन्नू कपूर को उनके 3.08 लाख रुपये मिल जाएंगे। आईपीसी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। धोखाधड़ी करने वालों को पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं।