जिले के मछुआरे हुए हादसे का शिकार तीन की मौत

in #fisherman8 months ago

0011.jpg

  • जिले के मछुआरे हुए हादसे का शिकार तीन की मौत
  • मैहर मार्ग में टेंकर से टकराया पिकअप, आठ लोग घायल

मंडला. मैहर मार्ग पर झुकेही थाना क्षेत्र के अमदरा के मोहन नगर के पास शुक्रवार की सुबह खड़े टैंकर से एक पिकअप वाहन टकरा गया। इस हादसे में जिले के निवास विधानसभा के बीजाडांडी थाना क्षेत्र और टिकरिया थाना क्षेत्र के वाहन चालक सहित तीन मछुआरे की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में तीन को जबलपुर रेफर किया गया है। शव का पीएम जिला अस्पताल कटनी में किया गया। पिकअप में सवार लोग बाणसागर में मछली पकडऩे का काम करने की मजदूरी करके मंडला जिले के टिकरिया थाना के पिंडरई, सहजपुरी व आसपास के ग्राम जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार देर रात घने कोहरे की वजह से सतना की तरफ से आ रही पिकअप सामने से आ रहे टैंकर से सीधे टकरा गई। पिकअप वाहन में मंडला जिले के एक दर्जन से अधिक मछुआरे सवार थे। भीषण टक्कर के कारण सभी घायल वाहन में फंसे हुए थे। जिन्हें सूचना मिलने के बाद पहुंची कुठला पुलिस ने काफी देर की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

बताया गया कि जिले के एक दर्जन से भी अधिक मछुआरे जो कि सतना जिले में मछली मारने के लिए गए हुए थे। संक्रांति का पर्व नजदीक देखते हुए वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुवार-शुक्रवार की देर रात लगभग 3 बजे झुकेही चौकी क्षेत्र अंतर्गत तिवारी ढाबे के पास पिकअप वाहन की टैंकर क्रमांक सीजी 10 बीएन 1584 से सीधे जोरदार टक्कर हो गई।

  • इनकी हुई मौत :
    बताया जाता है कि भीषण सड़क हादसे में मंडला जिले के शाहपुरी ग्राम निवासी 18 वर्षीय छोटू बर्मन पिता गणेश बर्मन, मंडला जिले के डोंगरिया गांव निवासी 24 वर्षीय रोहित धुर्वे पिता अशोक धुर्वे के अलावा एक 35 वर्षीय अज्ञात पुरुष की मौत हुई है। भीषण हादसे में मंडला जिला निवासी पिकअप सवार अंजलि बर्मन, उमेश बर्मन, रोहित बर्मन, विजय बर्मन, गौरी बर्मन, राजकुमार बर्मन, बत्ती ठाकुर एवं राजेंद्र बर्मन को गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हें इलाज के लिए कुठला पुलिस के द्वारा शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उनका उपचार जारी है।

  • पुलिस ने दिखाई सक्रियता :
    घायलों ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायल पिकअप वाहन में बुरी तरह फंसे हुए थे। राहगीरों ने घटना की सूचना कुठला पुलिस को दी। जिसके बाद तत्काल ही थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के साथ थाने का स्टाफ घटनास्थल पर जा पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित किसी तरह बाहर निकाला और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे का शिकार हुए दोनों ही वाहनों को जब्त कर झुकेही चौकी के सुपुर्द किया गया है। शव पीएम के बाद परिजनो का सौंप दिए गए हैं। शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • इनका कहना है

जिले में बारगी बांध होने के बाद भी मछुआरों को पलायन करना पड़ रहा है। जो कि दूर्भाग्यपूर्ण हैं। जिले में ही मछुआरों को रोजगार मिलना चाहिए। इसके लिए बारगी बांध में मछली उत्पादन बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

0012- Chain Sing Barkade.jpg

चैन सिंह वरकड़े, विधायक, निवास

बरगी जलाशय में मछली नहीं मिलने के कारण मछुआरा दूसरे जलाशय में मजदूरी करने जाते हैं। मछुआरों का लगभग 2500 परिवार मत्स्याखेट कार्य में लगा हुआ है।

0013- Raj Kumar.jpg

राज कुमार सिन्हा, संयोजक, बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ