45 डिग्री तापमान के बाद जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त

in #firozabad2 years ago

IMG-20220515-WA0104.jpg

फिरोजाबाद। इनदिनों मौसम का तापमान काफी बढ़ गया है। शनिवार को 45 डिग्री तक तापमान रहने के कारण मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ। विगत 5 दिन के अंदर जिला अस्पताल की OPD में 5 हजार से अधिक मरीज देखे गए। इसमें मेडिसिन वार्ड में मरीजों के लिए जगह ही नहीं बची। सबसे अधिक मरीज शनिवार को पहुंचे। बाल रोग वार्ड में भी ऐसी ही स्थिति रही।

शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी की वजह से डायरिया, हीट स्ट्रोक, खांसी-जुकाम और अन्य बीमारियां घेर रही हैं। यही वजह है कि सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फिजीशियन की OPD में 300 से अधिक मरीज पहुंचे।
एसोसिएट प्रोफेसर और वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. मनोज कुमार ने बताया, मरीजों में करीब 50 प्रतिशत मरीज डायरिया और अन्य गर्मी जनित बीमारियों से पीड़ित थे। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. एलके गुप्ता ने भी बाल रोग विभाग की OPD में 300 मरीज आने की बात बताते हुए, करीब 30 फीसदी बच्चों के डायरिया से पीड़ित होने की बात बताई। कहा कि, 30 बेड वाला मेडिसिन वार्ड मरीजों से भरा रहा। मेडिसिन वार्ड में पहले 25 बेड थे, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वार्ड में 5 और बेड बढ़ा दिए गए। CMS डॉ. श्याम मोहन गुप्ता ने बताया, जरूरत पड़ने पर और बेड बढ़ाए जाएंगे। मरीजों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। डॉक्टरों को भी अलर्ट किया गया है कि OPD में आने वाले मरीजों की अच्छे से जांच कर दवाएं दी जाएं। आम दिनों में मरीजों की संख्या दिनभर में 300 से 500 तक ही रहती है।