लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर प्रतिमा विवाद पर चढ़ा राजनीतिक रंग
-सपा के पूर्व सांसद ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को दिया ज्ञापन
-प्रतिमा के पुर्न स्थापना करवाने एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग
टूंडला। वीआईपी स्टेशन रोड पर रातोंरात बिना परमीशन के लगाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ये विवाद राजनीतिक रंग लेने लगा है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। साथ ही प्रतिमा के पुनः स्थापित न होने पर धनगर समाज द्वारा सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने का अल्टीमेटम भी दिया है।
कुछ दिनों पहले नगर के वीआईपी स्टेशन रोड पर भर्रा नाले के पास सड़क के बीचोंबीच रातोंरात बिना स्वीकृति के लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को स्थापित कर दिया गया था। जिसके बाद माहौल गरमा गया था। जिला प्रशासन ने पूरे मामले का संज्ञान लेने और जांच करने के बाद बिना परमीशन प्रतिमा स्थापित कराए जाने को लेकर कार्रवाई कराई थी। जिसके तहत लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को नगरपालिका में सुरक्षित रखवाते हुए फाउंडेशन को जमींदोज करा दिया गया था। इस पूरे प्रकरण में थाना टूंडला पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के बाद दो लोगों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत किया था। अब ये प्रकरण राजनीतिक रंग ले चुका है। सपा के पूर्व वि.स. प्रत्याशी महाराज सिंह धनगर ने भाजपा नेताओं के इशारे पर प्रशासनिक मशीनरी के काम करने का आरोप लगाया है।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व सांसद अक्षय यादव, महाराज सिंह धनगर, विधायक शिकोहाबाद मुकेश वर्मा, सर्वेश यादव, विद्याराम, प्रमोद धनगर, राजेश धनगर, मोहन धनगर, कमल सिंह धनगर, मुन्नेश बघेल आदि प्रमुख हैं।
इन्सेट
धनगर समाज करेगा विरोध प्रदर्शन
टूंडला। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व लोकसभा सांसद फिरोजाबाद अक्षय यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी महाराज सिंह धनगर समेत अन्य सपा नेताओं एवं धनगर समाज के लोगों ने मिलकर राज्यपाल के नाम तहसीलदार डा. संतराज सिंह को ज्ञापन सौंपा। पूर्व सांसद एवं पूर्व वि.स. प्रत्याशी ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तहसीलदार एवं नगर पालिका प्रशासन ने गुपचुप तरीके से हटा दिया। इस पूरे प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही लोकमाता की पुर्नस्थापना तत्काल की जाए। अन्यथा धनगर समाज सड़क पर आकर विरोध प्रदर्शन करेगा।