प्रशासन ने रातोंरात हटवाई लोकमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा

in #firozabad-crime2 years ago

-प्रतिमा हटवाने के बाद फाउंडेशन पर गरजा महाबली
-प्रशासन ने प्रतिमा को नगरपालिका में रखा सुरक्षित
टूंडला। नगर के वीआईपी स्टेशन रोड पर बिना स्वीकृति के रातोंरात लगाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को जिला प्रशासन के निर्देश पर हटवा दिया गया। साथ ही फाउंडेशन को प्रशासन ने जेसीबी चलवाकर जमींदोज कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद प्रतिमा स्थापित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि नगर के वीआईपी स्टेशन रोड स्थित भर्रा नाले के पास डिवाइडर के बीचोंबीच लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को स्थापित कर दिया था। प्रतिमा की स्थापना बिना किसी स्वीकृति के रातोंरात कराई गई थी। रविवार सुबह जब इसकी जानकारी प्रशासन को हुई, तो जिला प्रशासन ने इसका गंभीरता से संज्ञान लिया और स्वीकृति की जांच-पड़ताल भी कराई। जांच-पड़ताल में स्वीकृति न होने की दशा में जिला प्रशासन ने रविवार की रात साढ़े ग्यारह बजे करीब ही भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को वहां से हटवाकर नगरपालिका में सुरक्षित रखवा दिया। इसके बाद वहां बनाए गए आरसीसीयुक्त फाउंडेशन को जेसीबी बुलवाकर जमींदोज करा दिया गया।