फर्रूखाबादः हत्या कर ग्रामीण का शव सड़क किनारे फेंका, पुलिस जांच में जुटी

FBD.png
फर्रूखाबादः मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के कांशीराम कालोनी जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे एक 55 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा देखा गया। चेहरा काला पड़ा हुआ था। ऐसा लग रहा था जैसे किसी वस्तु से उसे जलाया गया हो। हाथ पैर पर कई जगह निशान थे। शव को देखते ही लोगों की भीड़ लग गयी। जानकारी थाना पुलिस को दी गयी। मृतक के शव की पहचान 55 वर्षीय राजू शाक्य निवासी भोपत नगला के रूप में की गयी। पुलिस को परिजनों ने बताया कि राजू ने कांशीराम कालोनी क्षेत्र में बटाई पर फसल की थी। वह नशा भी करता था। सोमवार को घर से निकला था इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजन समझे कि वह हो सकता है कि रिश्तेदारी में चले गये हों इसलिए परिजनों ने कहीं तलाश नहींं की। घटना की जानकारी पर परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुत्र अजीत भी घटना से परेशान हो रहा है। लोगों का यह भी अनुमान है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि पानी के गड्ढे में गिरने से राजू की जान गयी हो। लेकिन जिस तरह से शव काला पड़ा है उससे तरह तरह की चर्चाये हो रही हैं। क्योंकि उसका शव कपड़ा रंगाई फैक्ट्री के सामने झाड़ी में पड़ा था। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष आमोद कुमार सिंह ने बताया कि राजू के चार दिन से गायब होने की जानकारी मिली है। परिजन अभी किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा जिससे मौत का कारण साफ हो सके।