फर्रुखाबाद रेलवे रोड पर निर्माण तो नेहरू रोड पर विध्वंस

2-7.jpg
फर्रुखाबाद में बुलडोजर का खौफ सडक़ किनारे बसे लोगों और प्रतिष्ठान मालिकों के दिलों में घर कर गया है। महादेवी वर्मा मार्ग (रेलवे रोड) पर तो नाली का निर्माण शुरू हो गया है, लेकिन नेहरू रोड, किराना बाजार जहाँ लाल निशान लगाए गए हैं, वहाँ के लोग खौफ से लाल हो गए हैं और अपने प्रतिष्ठानों और आशियानों पर स्वयं हथौड़ा चला रहे हैं। कटर और हथौड़ों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, त्योहार से पूर्व व्यापार कोमा मेें चला गया है। महादेवी वर्मा मार्ग पर प्रशासन ने तेजी से नाली का निर्माण शुरू करा दिया है। यहाँ बुलडोजर खुदाई कर नाली तैयार कर रहा है। वहीं नेहरू रोड, किराना बाजार आदि में जिन स्थानों पर नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव के निर्देशानुसार नगर पालिका कर्मियों ने लाल निशान लगाए थे, वहाँ के लोग खौफ के साए में जी रहे हैं। बुलडोजर चले इससे पहले ही लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों और भवनों पर कटर और हथौड़ों से हमला बोल दिया है।
उधर व्यापारियों ने विध्वंस को रोकने की प्रशासन से फरियाद की है। व्यापारी नेता अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ के नेतृत्व में व्यापारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी से गुहार लगायी थी कि आने वाले त्योहारों को देखते हुए अतिक्रमण निरोधी कार्रवाई को विराम दे दिया जाए।
वहीं भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी ने सिटी मजिस्ट्रेट पर गंभीर आरोप लगाए थे। सोमवार को फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, लाखन सिंह, मनोज दीक्षित, संजू, सुधीर कुमार आदि ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि प्रशासन ने शहर के लालगेट से बीबीगंज तक सडक़ के दोनों ओर चिह्नांकन कर 20 सितंबर तक स्वयं अतिक्रमण तोडऩे का समय दिया है। अगले माह दशहरा, दिवाली, बारावफात आदि त्योहार हैं। इस बीच व्यापारी दुकानों का निर्माण भी नहीं कर पाएंगे और व्यापार चौपट होने से वह भुखमरी की कगार पर आ जाएंगे।प्रशासन पहले रेलवे रोड को मॉडल रूप में बनाकर अपना वादा पूरा करे। तब तक शहर से लेकर फतेहगढ़ तक मुख्य मार्ग के किनारे अतिक्रमण न हटाया जाए। दूसरी ओर नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ के नेतृत्व में हाजी मोहम्मद इखलाक, राकेश सक्सेना, सरदार जगदीप सिंह, गोपाल राजपूत आदि ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें दिवाली तक अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित करनेे, बीच रोड पर बिजली के खंभे लगाने, रेलवे रोड की तरह नेहरू रोड भी 12.40 मीटर करने की मांग की। यह भी कहा कि अभियान में जो दुकानें टूट गई हैं वह भवन स्वामी व्यापारियों को बेदखल कर रहे हैं। इस पर भी ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारियों की मांगों पर विचार किया जा रहा है। रेलवे रोड पर निर्माण शुरू करा दिया गया है। शहर की सुंदरता व व्यापारियों के हित को ध्यान में रखकर काम होगा।