बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में खाने में कीड़े-मक्खी, जिम्मेदार अनजान

in #education2 days ago

Screenshot_20221003-134758_1DM.jpg

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समता गर्ल्स हॉस्टल के हालात बदतर हैं। छात्राओं को दोयम दर्जे का खाना दिया जा रहा है। खाने में आए दिन बाल, मक्खी और कीड़े निकलते रहते हैं। बाथरूमों में गंदगी रहती है। कुंडी नहीं होने से छात्राएं असहज रहती हैं। कई बार शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन समस्याएं जस की तस हैं। बीयू को नैक में ए प्लस प्लस का ग्रेड मिल चुका है, लेकिन कई जगह हालात खराब हैं। समता गर्ल्स हॉस्टल में 275 छात्राएं रहती हैं। छात्राओं की शिकायत है कि मैस में सूची के अनुसार खाना नहीं मिलता है। जो नाश्ता और खाना दिया जाता है, वह दोयम दर्जे का होता है। दाल में पानी ज्यादा नजर आता है। चटनी को रंग मिलाकर हरा किया जाता है। खाने में आए दिन मक्खी, कीड़े और बाल निकलते रहते हैं। इसकी शिकायत वार्डन से की गई, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो रहा। वहीं, बीयू के कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत गंभीर है, इसलिए तत्काल एआर को भेज रहा हूं। गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाएगी।