अम्बेडकरनगर में एक कुत्ता बदला ले रहा: खौफ के साये में कैद है परिवार, एक सदस्य को काटा आठ बार

in #dog3 days ago

अंबेडकरनगर 17 सितंबरः (डेस्क)अम्बेडकरनगर में कुत्ते के आतंक से परेशान परिवार

IMG_20240814_131932_589.jpg

अम्बेडकरनगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अमौली गांव में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां एक परिवार कुत्ते के डर से घर के अंदर कैद हो गया है। इतना ही नहीं, कुत्ते का खौफ इस कदर है कि इससे छुटकारा पाने के लिए परिवार ने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।

दरअसल, गांव के कृष्ण कुमार उपाध्याय का परिवार कुत्ते के आतंक से परेशान है। सभी सदस्य घर के अंदर कैद हो गए हैं। पूरा परिवार चैनल के अंदर रह रहा है। हैरानी की बात ये है कि ये कुत्ता पूरे गांव में सिर्फ इसी परिवार को काटता है। पूरे गांव में एक ही परिवार को निशाना बनाया जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

कुत्ते के हमले में घायल हुए परिवार के सदस्य
बताया जा रहा है कि ये कुत्ता घर के मुखिया कृष्ण कुमार उपाध्याय को अब तक आठ बार और उनकी पत्नी पुष्पा को दो बार काट चुका है। इस डर से घर के दो बच्चे अपने स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। साथ ही घर के एक सदस्य जो शिक्षक हैं वो भी नौकरी पर नहीं जा पा रहे हैं। इतना ही नहीं, घर के मुखिया कृष्ण कुमार उपाध्याय कुत्ते के आतंक के कारण पिंडदान के लिए धार्मिक यात्रा पर नहीं जा पा रहे हैं। उन्हें अपनी टिकट तक कैंसिल कराना पड़ गया।

कुछ दिन पहले कृष्ण कुमार उपाध्याय को कुत्ते के कारण गंभीर चोट लगी थी, जिससे उनके पैर में लगभग 10 टांके लगाए गए थे। चर्चा है कि कुत्ते द्वारा उन्हीं के परिवार को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित केके उपाध्यक्ष ने कहा कि कुत्ते के काटने का एक घाव भरता नहीं कि तब से वह दोबारा काट लेता है।

परिवार ने मुख्यमंत्री से मांगी मदद
अब पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने थाने, एसडीएम, डीएम, एसपी और सीएम तक से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें मदद नहीं मिल पाई है।

उप जिलाधिकारी अकबरपुर सौरभ शुक्ल ने कहा कि पीड़ित परिवार की रक्षा के लिए कुत्ते का पकड़ा जाना अत्यंत आवश्यक है। कुत्ते को पकड़वाने का आदेश पशुपालन विभाग समेत डीएफओ एवं ग्राम प्रधान को दिया गया है।

कुत्ते के आतंक से गांव में दहशत का माहौल
अमौली मोहद्दीनपुर गांव में कुत्ते के आतंक से दम्पति भयभीत है। परिवार ने खुद को कैद कर लिया है। पूरा गांव दहशत में है। केके उपाध्याय का परिवार तो अब घर से बाहर निकलने में भी डर रहा है।

गांव में एक ही घर को कुत्ता कैसे निशाना बना सकता है? लेकिन सच्चाई यही है कि एक कुत्ते के आतंक से इस परिवार ने अपने आपको घर में कैद कर रखा है, क्योंकि जैसे ही कोई सदस्य घर के बाहर दीखता है तो कुत्ता उस पर हमला कर देता है। हैरानी की बात यह है कि कुत्ता गांव के किसी भी अन्य व्यक्ति को कुछ नहीं करता। उसका व्यवहार बिल्कुल सामान्य रहता है, लेकिन इस परिवार के किसी भी सदस्य को देखते ही वह उन्हें काटने के लिए दौड़ा लेता है।

गांव में कुल 70 घर हैं, लेकिन कुत्ता सिर्फ एक ही परिवार को काटता है। आखिर क्यों? इस सवाल का जवाब अभी तक नहीं मिला है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूरे गांव में सिर्फ उन्हीं के परिवार को देखकर कुत्ता काटने को दौड़ता है।

इस मामले में पीड़ित परिवार स्थानीय आलाअधिकारियों से लेकर सीएम तक से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें मदद नहीं मिल पाई है। पूरा मामला अंबेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अमौली गांव का है।