मेहंदवानी और शहपुरा निर्वाचन हेतु मतदान दल रवाना

in #dindori2 years ago

शनिवार को अवकाश घोषित, सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता

IMG_20220624_072418.jpg
डिंडोरी, 23 जून 2022, त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत शनिवार को पहले चरण में मेहंदवानी और शहपुरा जनपद क्षेत्र के लिए मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर झा के निर्देशन में चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। जनपद मुख्यालय मेहंदवानी और शहपुरा के लिए मतदान दल गुरुवार की सुबह जिला मुख्यालय से रवाना हो गए हैं। जो शुक्रवार की सुबह जनपद मेहंदवानी और शहपुरा से मतदान केंद्रों के लिए विशेष वाहनों से चुनाव सामग्री के साथ रवाना होंगे। सभी केंद्रों पर मतदान पार्टी को रुकने,भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी निर्देश जारी किये जा चुके हैं।
विदित होवे कि जिले के शहपुरा जनपद क्षेत्र में कुल 68 ग्राम पंचायतों के लिए 168 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 52 संवेदनशील हैं। इसी तरह मेहंदवानी जनपद के 46 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 11 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 18 संवेदनशील हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों में अतिरिक्त बल भी तैनात किया जावेगा। गौरतलब है कि शहपुरा जनपद क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 90 हजार 173 है, जिनमें 45 हजार 424 पुरुष और 44 हजार 747 महिलाएं हैं। इस जनपद में दो थर्ड जेंडर के भी मतदाता हैं। वहीं मेहंदवानी जनपद क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 58 हजार 713 है, जिनमें 28 हजार 992 पुरुष और 29 हजार 720 महिलाएं हैं। यहाँ एक थर्ड जेंडर का भी मतदाता है।

गौरतलब है कि शहपुरा जनपद क्षेत्र में 212 पंच, 67 सरपंच, 17 जनपद सदस्य और मेहंदवानी जनपद क्षेत्र में 202 पंच, 46 सरपंच और 12 जनपद सदस्य हेतु शनिवार को मतदान किया जाएगा। दोनों जनपद क्षेत्रों से तीन जिला पंचायत सदस्य भी चुने जाएंगे। इनके लिए भी मतदान किया जाएगा।निर्वाचन प्रक्रिया में शहपुरा जनपद क्षेत्र में कुल 908 और मेहंदवानी जनपद में 603 मतदानकर्मी की सहायता ली जा रही है। यहां अतिरिक्त चुनावकर्मी रिजर्व में रखे गए हैं।

जानकारी के मुताबिक मेहंदवानी में 10 सेक्टर और 30 रुट तथा शहपुरा जनपद क्षेत्र में 12 सेक्टर और 49 रुट निर्धारित किये गये हैं। मतदान के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दौनो जनपद क्षेत्रों में शनिवार को सामान्य अवकाश भी घोषित कर दिया है।IMG_20220624_072522.jpg