सान व मजदूर को पूरा दाम मिलेगा- अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली:-आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान के साथ हिमाचल प्रदेश के ढालपुर, कुल्लू में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान "आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान और जान है। तिरंगा तब ऊंचा होगा, जब देश के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलेगी, देश से गरीबी दूर होगी और किसान व मजदूर को पूरा दाम मिलेगा। आज दिल्ली में सरकारी स्कूल इतने अच्छे हो गए हैं कि अब लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल से निकालकर सरकारी स्कूल में भर्ती करा रहे हैं। दिल्ली में हमने शानदार मोहल्ला क्लीनिक बनाए और अब "आप" की सरकार पंजाब में भी 15 अगस्त से शानदार मोहल्ला क्लिनिक शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले 20 साल में एक भी नया स्कूल, नई सड़क, नई डिस्पेंसरी या नया सरकारी अस्पताल नहीं बना, तो कई हजार करोड़ रुपए के बजट का पैसा कहां गया? यह सारा पैसा भाजपा और कांग्रेस वालों की जेब में गया। आप अपने बच्चों की शक्ल देखकर खुद से पूछिए कि कौन सी पार्टी आपके बच्चों को अच्छी शिक्षा, रोजगार और अच्छा भविष्य दे सकती है? आज देश में केवल आम आदमी पार्टी ही है, जो देश भक्ति और कट्टर ईमानदारी से काम कर रही है। आपने भाजपा और कांग्रेस को इतने मौके दिए, अब एक मौका हमें भी देकर देखिए।
भ्रष्टाचार के प्रति हमारा जीरो टॉलरेंस है, चाहे हमारा वाला करेगा या उनके वाला करेगा, हम किसी को नहीं छोड़ेंगे- अरविंद केजरीवाल
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में आज तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश की जनता से कहा कि हमें राजनीति करने नहीं आती। हम यहां राजनीति करने भी नहीं आए हैं। हमारा सिलसिला अन्ना आंदोलन से शुरू हुआ था। अन्ना आंदोलन के बाद हमने पार्टी बनाई हमने कसम खाई थी कि इस देश से भ्रष्टाचार दूर करेंगे और आज भी हम उसी रास्ते पर चल रहे हैं। हमने पहले दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म किया, अब पंजाब के अंदर सिलसिला चालू हो गया है। आपने कभी सुना था कि कोई मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट के मंत्री को खुद ही पकड़ कर जेल में डाल दे। अभी थोड़े दिन पहले मान साहब के पास कोई एक रिकॉर्डिंग लेकर गया। इन्होंने उस रिकॉर्डिंग को सुना। उसमें पता चला कि इनका जो स्वास्थ्य मंत्री था, वह गड़बड़ कर रहा था। अभी विपक्ष वालों को नहीं पता था। मीडिया वालों को भी नहीं पता था। ये चाहते तो मामले को दबा देते। ये चाहते तो स्वास्थ्य मंत्री को बुलाकर कहते कि मेरा हिस्सा कहां है? लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया। इन्होंने अपनी पुलिस बुलाई और उसको पुलिस को सौंप दिया। आज वो स्वास्थ्य मंत्री जेल में बैठा है। इस देश में ऐसा केवल आम आदमी पार्टी ही कर सकती है और कोई पार्टी नहीं कर सकती। भ्रष्टाचार के प्रति हमारा जीरो टॉलरेंस है। हम भ्रष्टाचारियों को नहीं छोड़ेंगे। हमारा वाला करेगा तो हम उसको भी नहीं छोड़ेंगे और उनके वाला करेगा तो हम उसको भी नहीं छोड़ेंगे।
आज एक आदमी मजबूरी में अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल में भेजता है, अगर सरकारी स्कूल अच्छे होते, तो हर आदमी अपने बच्चे को सरकारी स्कूल में भेजता- अरविंद केजरीवाल
पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान का हवाला देते हुए "आप" के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का कई हजार करोड़ रुपए का बजट है। वो पैसा कहां जाता है? हिमाचल प्रदेश में पिछले 20 साल में एक भी नया स्कूल, नई सड़क, नई डिस्पेंसरी या नया सरकारी अस्पताल नहीं बना, तो फिर यह पैसा कहां गया? यह हजारों करोड़ रुपए जो हिमाचल प्रदेश सरकार खर्च करती है, यह पैसा कहां गया? यह पैसा कांग्रेस और भाजपा वालों की जेब में गया। एक बार यह पैसा कांग्रेसियों की जेब में गया और एक बार भाजपाइयों की जेब में गया। दिल्ली में हमने सरकारी स्कूल इतने शानदार बना दिए। दिल्ली की तरह हिमाचल प्रदेश के भी सरकारी स्कूल अच्छे होने चाहिए। आज एक आदमी मजबूरी में अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल में भेजता है। एक रिक्शावाला मजदूर भी चाहता है कि मेरा बच्चा बड़ा होकर बड़ा आदमी बने। वह चाहता है कि मैं अपने बच्चे को अच्छे स्कूल में शिक्षा दूं। एक गरीब आदमी अपना पेट काटकर अपने बच्चे को स्कूल भेजता है। वह एक टाइम की रोटी कम खा लेगा, लेकिन वो अपने बच्चे को अच्छे स्कूल में पढ़ाता है। अगर सरकारी स्कूल अच्छे होते तो हर आदमी अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में भेजता। दिल्ली में अब लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल से निकाल- निकाल कर सरकारी स्कूल में भर्ती करा रहे हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूल इतने शानदार हो गए हैं।
मैं पैसे नहीं खाता, मेरे स्विस बैंक में खाते नहीं हैं, हम सारा पैसा आपके बच्चों पर खर्च करते हैं- अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मैं यहां आपसे राजनीति करने नहीं आया। आज आप अपने घर जाओ तो आप अपने बच्चों की शक्ल देखना और खुद से पूछना कि कौन सी पार्टी इन बच्चों को भविष्य दे सकती है। कौन सी पार्टी इन को अच्छी शिक्षा दे सकती है। कौन सी पार्टी इनको रोजगार दे सकती है। अगर आपको लगता है कि भाजपा वाले आपके बच्चों के स्कूल बना देंगे, तो आप भाजपा को वोट दे देना। आपको लगता है कि कांग्रेस वाले आपके बच्चों के स्कूल बनाएंगे तो कांग्रेस वालों को वोट दे देना, लेकिन आपके बच्चों के लिए स्कूल कोई नहीं बनाने वाला है। आपने बीजेपी वालों को भी परख लिया और कांग्रेस वालों को भी परख लिया है, अब एक मौका आम आदमी पार्टी को भी दे दीजिए। ये लोग कहते हैं कि केजरीवाल बच्चों को फ्री में क्यों पढ़ाता है? मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि बच्चों की पढ़ाई फ्री होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए। सारे बड़े-बड़े देशों में बच्चों की पढ़ाई फ्री है। जापान में भी बच्चों की पढ़ाई फ्री है। हमारे देश में भी बच्चों को अच्छी और फ्री शिक्षा मिलनी चाहिए। मैं पैसे नहीं खाता। मेरे स्विस बैंक में खाते नहीं है। भगवंत मान के स्विस बैंक में खाते नहीं हैं। इनकी प्रॉपर्टी नहीं है।