विस चुनाव ‘फर्जी गुजरात मॉडल'' और ‘केजरीवाल के असली शासन मॉडल'' के बीच होगा: आप

in #delhi2 years ago

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने बुधवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘फर्जी गुजरात मॉडल' और ‘केजरीवाल के असली शासन मॉडल' के बीच होगी। चड्ढा ने सूरत में आप के एक नेता पर कथित हमले के बाद भाजपा को ‘‘भारतीय गुंडा पार्टी'' करार दिया। गुजरात आप महासचिव मनोज सोराठिया पर मंगलवार रात सूरत शहर में करीब 10 लोगों के एक समूह ने कथित रूप से हमला किया। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने इस घटना के लिए सत्तारूढ़ भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।इसके जवाब में, गुजरात भाजपा ने कहा है कि आप सहानुभूति हासिल करने के लिए ‘‘नाटक'' का सहारा ले रही है और चुनावों से पहले अराजकता पैदा करने के लिए एक ‘‘पुरानी रणनीति'' अपना रही है। राज्यसभा सदस्य चड्ढा ने सूरत में इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में कहा कि भाजपा गुजरात में आप के उदय से डरी हुई और परेशान है। गुजरात में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि आप एक मजबूत ताकत बनती जा रही है और उस पार्टी को चुनौती दे रही है जिसने 27 साल तक गुजरात पर शासन किया है। चड्ढा के साथ राज्यसभा सदस्य एवं आप के गुजरात प्रभारी संदीप पाठक सूरत आए थे।चड्ढा ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा अरविंद केजरीवाल (दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक) की बढ़ती लोकप्रियता और जन समर्थन से इतनी डरी हुई है कि वह पार्टी, जिसने महात्मा गांधी की धरती पर 27 साल तक शासन किया, हमारे नेताओं पर हमला करने के लिए गुंडों का सहारा ले रही है।'' आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यदि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल कानून-व्यवस्था की स्थिति संभाल नहीं सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।