दिल्ली में कड़ाके की ठंड से होगी दिसंबर की शुरुआत

in #delhi2 years ago

नवंबर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। अगले हफ्ते से दिसंबर महीने की शुरुआत हो जाएगी। कड़ाके की ठंड दिसंबर और जनवरी को ही पड़ती है। इस बार दिसंबर की शुरुआत सुहानी सर्दी के साथ होगी। सुबह-शाम जहां ठंड अपने शबाब पर होगी वहीं दोपहर में गर्म कपड़ों की जरूरत थोड़ा कम पड़ेगी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आस-पास बना हुआ है।

दिसंबर की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी। सुबह शाम के समय ठंड पूरे शबाब पर होगी तो दोपहर के समय गर्म कपड़ों की कम ही जरूरत पड़ेगी। दिसंबर के 10 दिनों के बाद ठंड के तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। तब तक पहाड़ों में भारी बर्फबारी और बारिश के आसार भी हैं। दिसंबर के तीसरे हफ्ते में कोहरा और कड़कड़ाती ठंड शुरू हो जाएगी। शीत लहर का प्रकोप उसके बाद ही देखने को मिलेगा
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 8.3 डिग्री रहा है। हवा में नमी का स्तर 36 से 97 प्रतिशत तक रहा।
इस बार नवंबर में अधिक सर्दी पड़ी है। 18 नवंबर को पहली बार तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा था। इसके बाद से यह अब तक 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। अभी तक 9 दिन नवंबर में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है। 2021 में ऐसे दिनों की संख्या पूरे नंवबर में महज 3 थी। 2020 में भी ऐसे दिनों की संख्या पूरे नवंबर में महज 4 रही थी। यह बीते दस साल का सबसे ठंडा नवंबर रहा था। उक्त साल नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान महज 10.2 रहा था। उक्त साल तापमान तीन दिन 6 से 7 डिग्री के बीच में रहा था लेकिन महज चार दिन तापमान दस डिग्री से कम रहा था।
रविवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के आसपास रह सकता है। दो दिसंबर तक अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के स्तर पर बना रहेगा। स्काईमेट के अनुसार नवंबर के दूसरे हफ्ते तक ठंड बढ़ने के आसार हैं। तीसरे हफ्ते से शीत लहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है। हालांकि इसके लिए पहाड़ों पर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस का आना जरूरी है। जिसकी आने वाले दिनों में संभावना नहीं दिख रही है। इसके आने से पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होगी जिससे उत्तरी मैदानों पर ठंड बढ़ेगी।