दिल्ली में बनेगा डबल डेकर फ्लाईओवर

in #delhi2 years ago

नॉर्थ दिल्ली से सेंट्रल और पुरानी दिल्ली आने-जाने वाले लोगों की राह आसान करने के लिए कई साल पहले जीटी रोड पर जो फ्लाईओवर बनाने का प्लान था, उसे अब पंख लग गया है। फ्लाईओवर निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया ने 266.89 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। यह फ्लाईओवर भी डबल डेकर होगा और चौथे फेज में बनने वाले जनकपुरी (वेस्ट) से आरके आश्रम कॉरिडोर के साथ इंटिग्रेट किया जाएगा। आजादपुर चौक से त्रिपोलिया गेट तक करीब 2.2 किमी तक फ्लाईओवर और मेट्रो कॉरिडोर ऊपर-नीचे होंगे।
delhi-gt-road-flyover-93978641.jpg
पीडब्ल्यूडी मंत्री के अनुसार, जीटी रोड दिल्ली की व्यस्ततम सड़कों में से एक है। यह रोड नॉर्थ दिल्ली को पुरानी दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली से कनेक्ट करती है। इस रोड को सबसे अधिक शक्ति नगर, डेरावल नगर, विजय नगर, राणा प्रताप बाग और आसपास की दर्जनों कॉलोनियों में रहने वाले लोग इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, इस रोड पर गाड़ियों का भार इतना अधिक है कि हर समय जाम की समस्या रहती है। इस समस्या से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए मेट्रो के साथ मिलकर डबल डेकर फ्लाईओवर निर्माण का प्लान बनाया गया है। यह प्लान दो चरणों में लागू होगा।

पहले चरण में डबल डेकर फ्लाईओवर
डबल डेकर फ्लाईओवर प्लान को मेट्रो के चौथे फेज में जनकपुरी (वेस्ट) से आरके आश्रम तक बनने वाले कॉरिडोर के साथ इंटिग्रेट किया गया है। आजादपुर चौक से ही रानी झांसी रोड फ्लाईओवर तक जीटी रोड का हिस्सा करीब 5 किमी लंबा है। इसी रोड पर ही जनकपुरी (वेस्ट) से आरके आश्रम मेट्रो कॉरिडोर के लिए पिलर्स बनाए जाएंगे। पिलर्स पर नीचे चार लेन का फ्लाईओवर और ऊपरी हिस्से में मेट्रो कॉरिडोर होगा। आजादपुर चौक के आगे से त्रिपोलिया गेट तक यह करीब 2.2 किमी लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर होगा।

दूसरे फेज में नजफगढ़ ड्रेन से रानी झांसी रोड फ्लाईओवर तक
भविष्य में दूसरे फेज में त्रिपोलिया गेट से आगे नजफगढ़ ड्रेन से रानी झांसी रोड-जीटी रोड जंक्शन तक सिंगल पिलर्स पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस हिस्से में करीब 645 मीटर लंबा फ्लाईओवर निर्माण किया जाएगा। पहले फेज में बनने वाले डबल डेकर फ्लाईओवर के लिए 266.89 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है। फ्लाईओवर निर्माण का काम 2 साल में पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है।