रोहतक जज के गनमैन ने सर्विस रिवाल्वर से मारी गोली,सुसाइड नोट भी लिखा

in #crime2 years ago

IMG-20220512-WA0004.jpg

रोहतक शहर के नजदीक गांव भालोठ के एक सर्विस स्टेशन पर हरियाणा पुलिस के कांस्टेबल ने बुधवार को सरकारी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रेवाड़ी के एडिशनल सेशन जज के गनमैन के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें दो लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। देर रात तक पुलिस मामले की कागजी कार्रवाई में जुटी हुई थी।
किलोई निवासी 28 वर्षीय कांस्टेबल सुनील ने बुधवार देर शाम खुद को गोली मार ली। वह शाम को भालोठ स्थित सर्विस स्टेशन पर आया था। यहां अपनी सरकारी नौ एमएम पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। वह एडिशनल सेशन जज का गनमैन था।
बुधवार को वह छुट्टी पर आया था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पास से शराब की बोतलें पड़ी मिलने का दावा किया गया है। यहीं से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें दो लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया को मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। एफएसएल प्रभारी मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। आईएमटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कैलाश चंद्र के साथ एएसपी मेघा भूषण भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

कांस्टेबल के आत्महत्या की सूचना मिली है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। परिजनों की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक।