श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत को हिरासत में लिया गया, पार्टी में ड्रग्स लेने का आरोप

in #crime2 years ago

Shraddha-Kapoors-brother-Siddhant-arrested-accused-of-taking-drugs-at-hotel-party-585x390.jpg

P. O news

मुंबई : बॉलीवुड गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर शक्ति कपूर के बेटे और एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु पुलिस ने रविवार रात शहर में एक पार्टी में कथित तौर पर ड्रग्स लेने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एमजी रोड पर एक होटल पर छापा मारा जहां एक पार्टी का आयोजन किया गया था। पुलिस ने नशीली दवाओं के सेवन के संदेह में लोगों के नमूने भेजे। इनमें पॉजिटिव रिपोर्ट आने वाले छह लोगों में श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर का भी सैंपल था।

बता दें कि सिद्धांत खुद भी फिल्म लाइन में हैं। वे कई बॉलीवुड मूवीज में नजर आए हैं। ये बात अलग है कि सिद्धांत का करियर फ्लॉप रहा है। फिल्मों के अलावा वे वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आए हैं। लेकिन आज तक कोई ऐसा रोल उन्हें पहचान नहीं दिला पाया। सिद्धांत ने फिल्म हसीना पारकर में अपनी बहन श्रद्धा कपूर संग स्क्रीन शेयर किया था। ये मूवी बुरी तरह पिटी थी। सिद्धांत की पिछली रिलीज चेहरे थी। इस फिल्म का हाल भी उनकी बाकी मूवीज की तरह फ्लॉप ही रहा।

आपको जानकर हैरानी होगी कि सिद्धांत की बहन श्रद्धा कपूर का नाम भी ड्रग्स केस में आया था। सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स केस में श्रद्धा कपूर एनसीबी की रडार में आई थीं। इस सिलसिले में एनसीबी की टीम ने श्रद्धा कपूर से पूछताछ भी की थी। श्रद्धा कपूर और सुशांत ने फिल्म छिछोरे साथ में की थी। श्रद्धा कपूर को लेकर कहा गया था कि उन्होंने कई दफा लोनावला में सुशांत के फार्म हाउस पर पार्टी अटेंड की थी। पूछताछ में एनसीबी को एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्होंने पार्टी अटेंड की थी लेकिन ड्रग्स नहीं ली थी। श्रद्धा ने ड्रग्स लेने से पूरी तरह इंकार किया था।