कारोबारी भाइयों से 10 लाख लूटे, फिरोजाबाद हाईवे की तरफ भाग निकले बदमाश

in #crimelast month

आगरा के कमला नगर में कारोबारी भाइयों से बदमाशों ने 10 लाख रुपये की लूट की। खास बात ये रही कि बदमाशों को रास्तों की जानकारी थी। मिर्च पाउडर डाला, बैग छीना और फिर तेजी से फिरोजाबाद हाईवे की तरफ भाग निकले।

1000032815.jpg
Image credit :- amar ujala

आगरा के कमला नगर में एक बार फिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देकर कमिश्नरेट पुलिस को चुनौती दी है। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई। दुकानों के शटर गिरने लगे। बाद में पुलिस पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इससे सुराग मिल गए। बदमाश लूट के बाद फिरोजाबाद हाईवे की तरफ भागे हैं। इस पर टीम गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है।

कारोबारी नरेंद्र और महेश मोटवानी से लूट करने के बाद एक बाइक पर सवार दो बदमाश कमला नगर मुख्य बाजार तो दूसरी बाइक पर सवार बदमाश मुगल रोड होते हुए हाईवे की तरफ चले गए। पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनमें बदमाश नजर आए हैं। हालांकि उनके चेहरे नहीं दिख रहे हैं। बाइकों के नंबर भी नहीं दिख रहे हैं। कारोबारी भी नहीं बता पा रहे हैं कि बदमाशों के चेहरे खुले थे या बंद। उनका कहना है कि बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी थी। इस कारण उन्हें कुछ भी दिख नहीं आ रहा था। कुछ राहगीरों की आंखों में भी मिर्च गई थी। इस कारण कोई कुछ नहीं कर सका। बाद में आंखों में पानी डाला। तब राहत मिली। फुटेज से यह भी पता चला है कि बदमाश काफी देर से कारोबारी भाइयों का इंतजार कर रहे थे। उनके निकलते ही पीछे लग गए। सुनसान स्थान पर घटना को अंजाम दिया।

बदमाशों ने सुनसान इलाका चुना। पुलिस ने कमला नगर में कई जगह पर सीसीटीवी फुटेज देखे। इससे पता चला कि बदमाश रेकी करके आए थे। उन्हें पता था कि व्यापारी कैश लेकर मुगल रोड से जाते हैं। इसलिए दुकान से ही पीछे लग गए। मुगल रोड पर जहां पर लूट की, वहां पर सुनसान रहता है। उन्होंने व्यापारियों को स्कूटर में लात मारने के बाद गिरा दिया था, जिससे वो ज्यादा दूर न जाएं। वारदात के बाद हाईवे की तरफ होते हुए फिरोजाबाद की तरफ भाग निकले।

पहले भी हो चुकी हैं वारदात

कमला नगर में लूट की वारदात पहली बार नहीं हुई। कई बार कारोबारी लुट चुके हैं। हत्या तक हो चुकी है। मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में डकैती की वारदात हुई थी। इसमें कई किलो करोड़ों का सोना लूटा गया था। दो को वारदात के कुछ देर बाद ही एत्मादपुर में मुठभेड़ में मार दिया गया था। फिरोजाबाद का गैंग निकला था। पुलिस ने एक-एक करके माल बरामद किया था। कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब फिर से फिरोजाबाद के गैंग के वारदात करने की आशंका है।