हार से हताश कांग्रेसियों में फूटा गुबार छलका दर्द।

in #congress2 years ago

b9b722deb66c21a6779451e0906f0fa0_original.JPGपंकज मिश्रा सीतापुर।लखनऊ के प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा केंद्रीय मंत्री रहे भंवर जितेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के कारणों की समीक्षा के लिए पहुंचे। उनके सामने विधान सभा चुनाव में मिली हार को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और अपना दर्द भी बयां किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलेवार बैठकों के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि चुनाव में बड़े पैमाने पर कांग्रेसी प्रत्याशियों का चयन दोषपूर्ण रहा। जो कभी पार्टी के खिलाफ रहे और दूसरे दल से थे जिनका न कोई सर्वे और न कोई पहचान थी उन्हें रातों रात टिकट दे दिए गए और कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी को ढोते ही रह गए। टिकट वितरण में धांधली और लेनदेन को लेकर भी कार्य कर्ताओं ने शिकायत की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बूथ और ग्राम कमेटियों की बात तो छोड़िए न्याय पंचायत स्तर पर भी पार्टी संगठन सिर्फ कागजों पर ही सिमट कर रह गया था। संगठन के कार्य से जुड़े प्रदेश पदाधिकारियों और राष्ट्रीय सचिवों ने पार्टी नेतृत्व को गुमराह किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पार्टी महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की मेहनत को सराहा पर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का सपना देख रही प्रियंका गांधी भी टिकट के दावेदार कांग्रेसियों से नहीं मिली। उनके करीबियों की निरंकुशता की आलोचना कर कुछ कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को 40 फीसद टिकट देने पर सवाल उठाया और इसे राजनीतिक अनाड़ीपन करार दिया। सलाहकार समिति के सदस्यों में कहा गया कि "लड़की हूं लड़ सकती हूं" का नारा देकर कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री का चेहरा भी घोषित नहीं किया। जिससे कांग्रेसी नेताओं के चुनाव जीतने के बाद सपा के साथ जाने की अटकलों से जनता के बीच कांग्रेस का परंपरागत वोट भी खाते से खिसक गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में खराब प्रदर्शन को लेकर पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने अपनी बात कही हैं। जिससे हम इन खामियों को दूर कर लोकसभा चुनाव की तैयारी कर सकें। लखनऊ के बाद झांसी और वाराणसी में भी विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी जिसके बाद पार्टी नेतृत्व को वह अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे उन्होंने कहा कि यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा जल्द ही की जाएगी।