विधायकों संग राजघाट पहुंचे अरविंद केजरीवाल तो कांग्रेस ने किया कटाक्ष

in #congress2 years ago

arvind-kejriwal-5-1.jpg

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि यह लोग दिल्ली सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं। वह 20 – 20 करोड़ देकर 40 विधायकों को खरीदना चाहते थे। अपने विधायकों के साथ बैठक करने के बाद केजरीवाल राजघाट पहुंचे थे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। जिस पर कांग्रेस ने कटाक्ष किया।

केजरीवाल ने कही यह बात

मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश व गोवा की सरकार गिरा दी। अब दिल्ली सरकार भी गिराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके लिए उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवा दी है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने पिछले जन्म में कुछ अच्छा काम किया होगा इसलिए मनीष सिसोदिया जैसे साथी मिले।

कांग्रेस ने किया कटाक्ष

कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल से अरविंद केजरीवाल की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा गया कि प्रिय आम आदमी पार्टी, महात्मा गांधी की तस्वीर तो अपने दफ्तरों से निकाल दी लेकिन गांधी के शरण में आना ही पड़ा। गांधी के इस देश में वैधता तो राजघाट में सिर झुका कर ही मिलेगी। इतना तो आपने अपने आका मोदी से सीख ही लिया होगा। कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए लिखा – बड़े भैया हो या छोटे, आना महात्मा की शरण में ही पड़ता है। राजघाट पर वो फिर से आए जिन्होंने महात्मा गांधी को अपने दफ्तरों से निकाल फेंका है।

अलका लांबा ने भी बोला हमला

कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने केजरीवाल की तस्वीर पर कमेंट किया, ‘ सर जी, यह राजघाट है जिसे आम आदमी पार्टी धोबी घाट समझकर पहुंच गए हैं, यह सोच कर कि यहां पर आने से आम आदमी पार्टी के सारे पाप और भ्रष्टाचार के कट्टर दाग धुल जाएंगे।’ उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि पंजाब के सरकारी दफ्तरों से महात्मा गांधी की तस्वीर हटाते समय सोचा होगा कि नागपुर में बैठे आका खुश होकर इनाम देंगे।