विशेष अवसरों पर पौधारोपण के लिए बनाए जाएंगे अंकुर उद्यान

in #collector2 years ago

विशेष अवसरों पर पौधारोपण के लिए बनाए जाएंगे अंकुर उद्यान


अंकुर अभियान को जिले में जन आंदोलन बनाएं


12 अगस्त को जिले में वृहद स्तर पर किया जाएगा पौधारोपण


कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने दिए निर्देश


जिले में अंकुर अभियान को जन आंदोलन बनाएं। जिले के प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़े। यह निर्देश कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने सभी जिला एवं विकास खंड स्तरीय अधिकारियों को दिए हैं। शनिवार को कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में अंकुर अभियान के तहत पौधारोपण एवं रजिस्ट्रेशन की विस्तार से समीक्षा की।

12 अगस्त को होगा अंकुर अभियान का शुभारंभ


कलेक्टर श्री सिंह ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने यहां स्थान चिन्हित कर उसे अंकुर उद्यान बनाएं। जहां नागरिक अपने जन्म दिवस, शादी की सालगिरह व स्मृति पर पौधारोपण कर सकेंगे। इन सभी अंकुर उद्यानों का 12 अगस्त को शुभारंभ करें। साथ ही प्रत्येक ग्राम एवं वार्डों में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 अगस्त पर होंगे सम्मानित


कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में ऐसे बहुत से व्यक्ति हैं, जिन्होंने वृक्षारोपण के क्षेत्र में महती भूमिका निभाई है। ऐसे नागरिकों को 15 अगस्त पर सम्मानित किया जाए। साथ ही उन्हें ग्राम स्तरीय कार्यक्रमों में भी सम्मानित करें।

विशिष्ट पौधारोपण किया जाए


कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में विशिष्ट प्रकार का पौधारोपण किया जाए। जिसमें उद्यानिकी विभाग द्वारा जिले के प्रमुख प्रजातियों को रोपण एवं वन विभाग द्वारा भी जिले की सतपुड़ा की विशेष प्रजातियों का रोपण करें। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नक्षत्र वाटिका की अवधारण पर वैज्ञानिक ढंग से पौधारोपण करें।

व्यापक प्रचार प्रसार करें


कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में अंकुर अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार करें। सभी शासकीय कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर फ्लेक्स एवं बैनर लगाया जाए। साथ ही नगर पालिका की विशेष टीम द्वारा कॉलोनियों में जाकर लोगों को रजिस्ट्रेशन एवं पौधारोपण के लिए प्रेरित करें।

पंजीयन का लक्ष्य समय पर पूर्ण करें


अंकुर अभियान के तहत सौंपे गए लक्ष्यों को समयसीमा में पूर्ण किया जाए। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वायु दूत एप पर रजिस्ट्रेशन एवं पौधारोपण सुनिश्चित कराएं। अंकुर अभियान के लिए नोडल के जिला समन्वयक जन अभियान परिषद होंगे।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरियाम, अपर कलेक्टर श्री मनोज सिंह ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
#अंकुर_अभियान
#JansamparkMP