कलेक्टर ने अपने वाहन में लिखवाया "लोकसेवक"

in #collector7 months ago

06_02_2024-collecter_vikash_mp.jpg

डिंडोरी:- कलेक्टर विकास मिश्रा ने अपने सरकारी वाहन की नेमप्लेट बदलवा दी है। अब उनके वाहन में कलेक्टर की जगह "लोकसेवक" लिख दिया गया है। कलेक्टर विकास मिश्रा इसी वाहन से जिले भर में भ्रमण करते हैं। संभवत यह प्रदेश में अपनी तरह का पहला मामला होगा, जिसमें कलेक्टर ने अपने को "लोकसेवक" बताने की जाहिरा तौर पर पहल की।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने चर्चा के दौरान बताया कि प्रशासनिक अधिकारी जनता के प्रति जिम्मेदार रहते हैं। उन्हें जनता के हित में काम करना चाहिए। जनता के प्रति उनके नजरिया के चलते ही उन्होंने कलेक्टर की जगह "लोकसेवक" वाहन में लिखवाया है।

गौरतलब है कि कलेक्टर विकास मिश्रा जिले में पदस्थापना के दौरान से ही इस तरह के नवाचारों को लेकर चर्चा में रहे हैं। फिर चाहे, किसी आदिवासी महिला की समस्या समाधान के लिए उसके हाथ में अपना मोबाइल नंबर लिखने की बात हो, या जमीन पर बैठकर किसी शिविर में शामिल होने की।
गांव-गांव में भ्रमण कर उन्होंने अपनी सहजता से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया। पिछले दिनों ही उनका ईंट उठाने का भी वीडियो वायरल हुआ था। नई नेमप्लेट वाले वाहन को लेकर बताया जा रहा है कि कलेक्टर अब इसी वाहन से जिले भर का भ्रमण करेंगे।
इसे लेकर डिंडोरी कलेक्टर विकास मिश्रा का कहना है कि संविधान में कहीं भी कलेक्टर शब्द नहीं लिखा गया है, उसमें "लोकसेवक" शब्द का ही उल्लेख है। इसलिए वाहन में कलेक्टर की जगह "लोकसेवक" लिखवाया गया है। इस तरह से जनता और प्रशासन के बीच में जो कुछ दूरी है, वह और भी कम होगी।