गांधी सप्ताह में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 2 अक्टूबर से

in #churu2 years ago

चूरू, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में गांधी सप्ताह अंतर्गत जिले में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अहिंसा प्रकोष्ठ प्रभारी उम्मेद गोठवाल ने बताया कि दो अक्टूबर को इंद्रमणि पार्क से गंधी प्रतिमा स्थल कलक्ट्रेट परिसर तक शांति एवं सद्भावना रैली का आयोजन सवेरे 9.15 बजे से किया जाएगा। इसके बाद सवेरे 10 बजे गांधी प्रतिमा स्थल पर सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर लोकेश गौतम ने आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए हैं। अहिंसा प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि इसी सिलसिले में 3 अक्टूबर को गांधी भजन प्रतियोगिता का आयोजन उपखंड स्तर पर किया जाएगा। 4 अक्टूबर को गांधी दर्शन भाषण प्रतियोगिता उपखंड स्तर पर होगी। 5 अक्टूबर को गांधी के सपनों का भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता होगी। 6 अक्टूबर को जिला स्तर पर गांधी भजन प्रतियोगिता, 7 अक्टूबर को जिला स्तर पर गांधी दर्शन भाषण प्रतियोगिता एवं 8 अक्टूबर को ‘गांधी अतीत ही नहीं, भविष्य भी है’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।