अंबाला में किसान पर चढ़ाया ट्रैक्टर:केसरी गांव में भतीजे ने की चाचा की हत्या; 2 एकड़ जमीन को लेकर

in #chandigarh2 years ago

99_1656483619.webp

हरियाणा के अंबाला जिले के गांव केसरी में जमीनी विवाद के चलते एक किसान पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी गई है। मृतक की शिनाख्त 65 वर्षीय प्यारा सिंह निवासी केसरी गांव के रूप में हुई। हमले में प्यारा सिंह का बेटा दिलबाग सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे शाहाबाद के आदेश मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्यारा सिंह और प्रेम सिंह सगे भाई हैं। दोनों की साहा-शाहाबाद हाईवे पर केसरी गांव की तरफ अजीत पैलेस के पास 20 एकड़ जमीन पड़ती है। नेशनल हाईवे निकलने के बाद इस जमीन की वैल्यू बढ़ गई। दोनों भाइयों में यहां 2 एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।

खेत में वारदात

बुधवार सुबह प्यारा सिंह अपने बेटे दिलबाग सिंह के साथ खेतों में थे। उसी समय प्रेम सिंह का बेटा व प्यारा सिंह का भतीजा गुरतेज सिंह ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गया। वहां गुरतेज सिंह की अपने चाचा प्यारा सिंह और उनके बेटे दिलबाग से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुरतेज सिंह ने गुस्से में अपने चाचा प्यारा सिंह पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस घटना में प्यारा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलबाग सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस मामले में बुधवार दोपहर तक पुलिस ने शाहाबाद के आदेश मेडिकल कॉलेज में भर्ती दिलबाग सिंह के बयान दर्ज नहीं किए थे।