दो दिन की वर्षा में राजधानी की 60 सड़कें हुई खस्ताहाल

in #bhopal2 years ago

25_08_2022-bad_road_010023.jpgशहर में बीते रविवार-सोमवार को हुई भारी वर्षा से करीब 60 सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। इन सड़कों का हाल यह है कि एक किलोमीटर के दायरे में 15 से अधिक गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में चालक, राहगीरों का इनसे गुजरना मुश्किल हो गया है। वहीं धूल और बदहाल सड़क से उखड़ी गिट्टी ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। सड़कों के यह हाल नए-पुराने शहर, कोलार और भेल में हो गए हैं। इसके बावजूद भी नगर निगम और पीडब्ल्यूडी द्वारा इनकी मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।इन सड़कों से गुजरना आसान नहीं
वर्षा की वजह से शहर की बैरसिया, हमीदिया, छोला, भारत टाकीज, अल्पना तिराहा, पुल बोगदा, अशोकागार्डन, जेके, मिनाल, भानपुर, गांधीनगर, लालघाटी, एमपीनगर, टीटीनगर, मिसरोद, बागसेवनियां, जहांगीराबाद, जिंसी, लिली टाकीज, कमला पार्क, रेतघाट सहित आसपास के शहरी क्षेत्र में आने वाली सड़कों की हालत इतनी खराब हो गई हैं कि यहां जगह-जगह गड्ढे होने से गुजरना आसान नहीं हैं। बता दें कि हमीदिया रोड पर अल्पना टाकीज के सामने एक महीने पहले सड़क की मरम्मत की गई थी। वर्षा के बाद यह पूरी तरह से उखड़ गई है।कोलार और भेल में भी हालात खराब
शहर के उपनगर कोलार में मुख्यमार्ग ललिता नगर, नयापुरा, दानिशकुंज तिराहा, मंदाकिनी, सर्वधर्म, राजहर्ष, महाबली नगर, बीमाकुंज, बंजारी समेत अन्य जगहों की सड़कें बदहाल हो गई हैं। वहीं भेल में 15 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन से पहले भेल टाउनशिप के मुख्यमार्ग का डामरीकरण हुआ था। अब वर्षा से अन्ना नगर, आइटीआइ, महात्मा गांधी चौराहे से पिपलानी चौराहा गोविंदपुरा, हबीबगंज, बरखेड़ा सहित कुल 41 किमी दायरे में फैली भीतरी सड़कें वर्षा से बदहाल हो गई हैं।