18 वर्षो बाद पुन: बैतूल नपा अध्यक्ष पद पर बीजेपी

in #betul2 years ago

बैतूल। नगरीय निर्वाचन 2022 के तहत सोमवार को बैतूल जिले के सात नगरीय निकायों के अध्यक्ष- उपाध्यक्ष पदों के लिए हुई चुनाव प्रक्रिया में नगर पालिका परिषद बैतूल के अध्यक्ष पद पर भाजपा की पार्वती बाई बारस्कर एवं उपाध्यक्ष पद पर महेश राठौर निर्वाचित हुए। जिससे बैतूल में भाजपा की नगर सरकार बन गई। पार्वती बाई बारस्कर 18 वर्षो बाद पुन: बैतूल नपा की अध्यक्ष बनी। इसके पूर्व वे वर्ष 2004 में बैतूल नपा अध्यक्ष थी। अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के एक पार्षद द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की गई। जबकि उपाध्यक्ष के चुनाव में एक वोट रिजेक्ट हुआ। सोमवार को कलेक्टर अमनबीर सिंह बैस की मौजूदगी बाल मंदिर परिसर बैतूल स्थित सभा कक्ष में नपा बैतूल के अध्यक्ष- उपाध्यक्ष की निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
कम संख्याबल के बाद भी कांग्रेस मैदान में उतरी
नगर पालिका परिषद बैतूल के 33 वार्डो में भाजपा के 23 एवं कांग्रेस के 10 पार्षद निर्वाचित हुए थे। जिससे भाजपा की नगर सरकार बनना तय था। पार्षदों की संख्या कम होने के बावजूद कांग्रेस ने अध्यक्ष- उपाध्यक्ष के चुनाव में प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। बैतूल नपा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की पार्वती बाई बारस्कर एवं कांग्रेस की नंदनी तिवारी के बीच मुकाबला हुआ। पार्वती बाई को 22 एवं नंदनी को 11 वोट मिले। अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के एक पार्षद द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की गई। जिसको लेकर निर्वाचन स्थल पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इधर उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के महेश राठौर एवं कांग्रेस के राजकुमार दीवान के बीच हुए मुकाबले में महेश राठौर को 22 एवं राजकुमार दीवान को 10 वोट मिले। एक भाजपा पार्षद का वोट रिजेक्ट हो गया था। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद कलेक्टर ने पार्वती बाई बारस्कर को अध्यक्ष एवं महेश राठौर को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया
भाजपा – कांग्रेस के नेताओं का रहा जमावड़ा
नगर पालिका परिषद बैतूल के अध्यक्ष- उपाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया सोमवार को बाल मंदिर परिसर स्थित सभा कक्ष में संपन्न हुए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बाल मंदिर परिसर में भाजपा एवं कांग्रेस के नेताओं का दोपहर तक जमावड़ा लगा रहा। दोपहर को अचानक हुई तेज बारिश से भाजपा वहां जीत का उत्सव नहीं मना पाये।
चार बार पार्षद, एक बार उपाध्यक्ष, दूसरी बार अध्यक्ष बनी
नगर पालिका पार्षद बैतूल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर वर्ष 1992 से भाजपा की राजनीति में सक्रिय होने के साथ ही बैतूल नपा में चौथी बार पार्षद निर्वाचित हुई है। वे 1999 में बैतूल नपा उपाध्यक्ष रहने के साथ ही 2004 में नपा अध्यक्ष भी रह चुकी है। पार्वती बाई वर्ष 2010 में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहने के साथ ही एक बार भाजपा जिला महामंत्री, दो बार भाजपा जिला उपाध्यक्ष, भाजपा प्रदेश समिति सदस्य सहित पार्टी संगठन में अन्य महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी है।

Sort:  

Wow