बारिश ने मचाई तबाही 15 मवेशियों की बिजली गिरने से मौत

in #betul2 years ago

बैतूल। जिले में हो रही मूसलाधार बारिश से अब तबाही मचने लगी है। शाहपुर क्षेत्र में जहां सड़कें जलमग्र हो गई हैं तो वहीं आठनेर क्षेत्र के मांढू नदी में एक टाटा सूमो जीप बह गई। इसके अलावा सावन के अंतिम सोमवार को भोपाली दर्शन करने के लिए गए महिला-पुरूष एवं बच्चे नदी में आई बाढ़ में बहने से बाल-बाल बच गए हैं। श्रद्धालुओं ने एक विशालकाय नदी में गिरे पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाई। इसके बाद जागरूक नागरिकों द्वारा एक-एक कर सभी को सुरक्षित रूप से निकाला गया। इसके अलावा सांईखेड़ा क्षेत्र में गिरी आकाशीय बिजली से 2 बैल और शाहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 13 बकरियों की मौत हो गई है।
मांडू नदी में बह गई टाटा सूमो
पिछले कई वर्षों की अपेक्षा इस साल हो रही मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए हैं। सोमवार शाम को आठनेर थाना क्षेत्र के सालबर्डी गांव में माढू नदी की भीषण बाढ़ में एक टाटा सूमो वाहन बह गया। वह तो गनीमत रही कि जब यह वाहन बहा, उस समय वाहन में कोई भी नहीं था। केवल वाहन भर खड़ा था और वही बह गया। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। बताते हैं कि महाराष्ट्र के अमरावती से कुछ लोग यहां स्थित पिकनिक स्पॉट पर पिकनिक मनाने आए थे। वे एक ओर पिकनिक मना रहे थे। वहीं उनका वाहन नदी के किनारे खड़ा था। उसी बीच भीषण बाढ़ आ गई। इस बाढ़ की चपेट में आकर वाहन बह गया।
बैलों की मौत, कृषि सामग्री हुई खाक
भारी बारिश के अलावा इस साल आकाशीय बिजली से भी काफी नुकसान पहुंच रहा है। बताया जाता है कि साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनवाड़ी में किसान श्यामराव कोरसने के खेत में आज आकाशीय बिजली गिर गई। इससे वहां बंधे 2 बैलों की मौत हो गई। वहीं उनका कृषि सामान भी जल कर पूरी तरह से नष्ट हो गया है। यह जानकारी किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रमेश गायकवाड़ ने दी।र्ती
शाहपुर में 13 बकरियों की हुई मौत
शाहपुर थाना क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जाता है कि शाहपुर ब्लॉक के सोहागपुर ढाना जोड़ के पास लकड़ी डिपो में बिजली गिरी। यह बिजली महुआ के पेड़ पर गिरी। जिससे 13 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बकरी चराने वाला दौलतसिंह पिता रमेश सिंह धुर्वे उम्र 25 वर्ष निवासी कोटमी भी बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में भर्ती कराया गया है।
भोपाली में बाल-बाल बहने से बचे श्रद्धालु
वेकोलि क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से पहाड़ी क्षेत्र के नदियों में बाढ़ आ गई।छोटा महादेव भोपाली जाने वाले रास्ते में पहाड़ी नदी में अचानक आई बाढ़ में लोग बीच नदी में फंस गए और पानी के साथ बहने लगे। ऐसे में एक पानी में पड़े एक विशालकाय पेड़ को पकड़कर लोगो ने अपनी जान बचाई। आसपास खड़े लोगो ने किसी तरह से सुखी लकड़ी और रस्सी की मदद से पानी मे फंसे एक महिला और अन्य लोगों को बाहर निकाला । अंतिम सोमवार होने के कारण छोटा महादेव भोपाली में जमकर श्रद्धालुओं दर्शन के लिए पहुँचे थे।