नील गाय से बाइक टकराई, तीन घायल, एक गंभीर
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के लालगंज -रेवती मार्ग अंतर्गत चकिया के निकट सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक नीलगाय एक से टकरा गई, बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। जबकि एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। शेष दो लोगों को उपचार के बाद चिकित्सकों ने अस्पताल से छुट्टी दे दी। बाइक पर दामोदरपुर निवासी सत्येंद्र यादव (25), राजकिशोर यादव (22) तथा राजेश यादव (20) रेवती थाना क्षेत्र के दतहां से किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। उनकी बाइक चकिया डेरा के निकट नील गाय से टकरा गई।