यमुना में नहाते वक़्त युवक की डूबकर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

in #baghpat2 years ago

बागपत: खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के मवीकलां निवासी युवक की रविवार को यमुना नदी में नहाते समय डूबकर मौत हो गई। गोताखोरों ने उसका शव सांकरौद गांव के पास नदी से निकाला। रोते बिलखते परिजन शव को घर ले गए। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव मवीकलां निवासी असलम (30) परिजनों के साथ यमुना खादर में गेहूं काट रहा था। अपराह्न तीन बजे वह अपने चार चचेरे भाइयों के साथ यमुना नदी में नहाने लगा। इसी वक्त वह गहरे कुंड में डूब गया। चचेरे भाइयों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्राम प्रधान दीपक कुमार ने खेकड़ा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों को बुलवाकर शव की तलाश कराई। करीब एक घंटे बाद गोताखोरों को असलम का शव सांकरौद गांव के पास निकाल लिया। परिजन शव को उठाकर घर ले जाने लगे। सीओ खेकड़ा विजय चौधरी ने उन्हें रोकना चाहा। मगर, परिजनों ने असलम को जीवित बताकर चिकित्सक के यहां ले जाने की बात कही। करीब चार घंटे तक पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाया। इसके बाद ही वे पोस्टमार्टम के लिए माने। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि परिजन मृतक के शव को उठाकर घर ले गए थे। बाद में उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
n3781724241650241324046786e8325601fd4009e1dd9834606ed9d163d53c3e67f2d6466f3da141988879a.jpg