उपलब्धि: 40 फुट लंबी व 14 टन वजनी कांस्य की वीणा अयोध्या पहुंची

in #ayodhya2 years ago

अयोध्या में स्मृति चौक पर स्थापना के लिए 40 फुट लंबी और 14 टन वजनी वीणा स्थापित की जाएगी। इसका निर्माण पद्मश्री से सम्मानित मृर्तिकार राम वी सुतार ने किया है
ayathhaya-nayaghata-para-rakha-vanae-savatha_1663266800.jpeg
मां शारदे की वरद पुत्री स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर के संगीत की गूंज से अयोध्या का चौराहा उनकी स्मृति को ताजा रखे, इसके लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से नयाघाट क्षेत्र में स्व. लता मंगेशकर चौक का निर्माण किया जा रहा है।
यहां मां शारदा की वीणा ही सुर साम्राज्ञी चौक की पहचान होगी। यह कांस्य की वीणा गुरुवार को अयोध्या पहुंची। करीब 40 फुट लंबी व 14 टन वजनी इस वीणा का निर्माण नोएडा के पदमश्री से सम्मानित मूर्तिकार राम वी सुतार ने किया है।
नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि लता स्मृति चौक को भव्य रूप प्रदान किया जाएगा। स्मृति स्थल पर उत्कृष्ट रचनाओं के साथ यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया गया है। भविष्य में मार्ग चौड़ीकरण की भी योजना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप स्मृति चौक का निर्माण करीब 7.9 करोड़ रुपये से किया जा रहा है। नया घाट बंधा तिराहे पर लता मंगेशकर चौक का कार्य शुरू हो गया है।

ईओ संजीव यादव ने बताया कि कांस्य की 40 फुट लंबी व 14 टन वजनी वीणा है। स्वर कोकिला भारतरत्न स्व. लता मंगेशकर की स्मृति को जीवंत बनाने के लिए ‘स्मृति चौक’ का निर्माण शुरू हो गया है।
यहां लता जी के जीवन और व्यक्तित्व को दर्शाने वाले महत्वपूर्ण पहलू जैसे संगीत क्षेत्र में उनकी उपलब्धि, आत्मा को छूने वाली उनकी आवाज, शालीन व्यक्तित्व आदि को भी स्थान दिया जाएगा।

स्मृति चौक के मध्य में वाग्देवी सरस्वती का प्रतीक ‘वीणा’ के साथ-साथ अन्य शास्त्रीय वाद्य यंत्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे। स्मृति चौक पर लता मंगेशकर के गाए भजन भी गूंजेंगे।

बताया कि स्मृति चौक की डिजाइन नोएडा के रंजन मोहंती ने की है। अयोध्या विकास प्राधिकरण की तरफ से कार्य प्रगति पर है। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दीपोत्सव पर इसका उद्घाटन सीएम योगी द्वारा किया जाएगा।