‘अयोध्या आई’ योजना से मिलेगी वैश्विक पयर्टन को ऊंचाई

in #ayodhya2 years ago

Jaggu1 ayodhya news:-ayodhya_1633683932 (1).jpegअयोध्या। रामनगरी धर्म का प्रधान केंद्र तो है ही, अब इसे विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में भी विकसित करने की दिशा में प्रयास चल रहे हैं। इसी क्रम में ‘लंदन आई’ की तर्ज पर ‘अयोध्या आई’ को मूर्त रूप दिए जाने की योजना है।

इसके लिए सरयू तट के पास स्थित ऋषभदेव पार्क का चयन किया गया है। यहां ‘अयोध्या आई’ के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर का पिकनिक स्पॉट विकसित करने की तैयारी है।

भव्य राममंदिर निर्माण के चलते तेजी से बदल रही अयोध्या अब पूरे विश्व के लोगों को आकर्षित कर रही है। रामनगरी में कई प्राचीन स्थल हैं जो धर्म के साथ-साथ पर्यटन की भी अपार संभावनाएं पैदा करते हैं।
अयोध्या में तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार हजारों करोड़ की योजनाओं से काम कर रही है।
इसी क्रम में लंदन की टेम्स नदी के किनारे स्थित ‘लंदन आई’ जैसा आकर्षक झूला सरयू तट के पास स्थित ऋषभदेव पार्क में लगाने की योजना है। इसका नाम ‘अयोध्या आई’ होगा।
इस तरह का झूला अभी उत्तरप्रदेश में नहीं है। इसके अयोध्या में लगने से पर्यटन उद्योग को गति मिलेगी। होटल, रेस्टोरेंट व्यवसाय में तेजी आएगी। इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
यह अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में वैश्विक ऊंचाईयों को प्राप्त करने में मदद करेगा। यहां विशेष पैकेज लोगों को मिलेंगे। इसके तहत जन्मदिन, सगाई, शादियों और व्यावसायिक कार्यों के लिए उत्सव पैकेज भी उपलब्ध होंगे।
इसके साथ ही इसमें निजी केबिन की भी सुविधा होगी। निजी केबिनों को वीआईपी मेहमानों की सुविधा के अनुसार बदला जा सकेगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि ‘लंदन आई’ की तर्ज पर एक बड़ा झूला सरयू तट पर लगाने की तैयारी है।
इसको ‘अयोध्या आई’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए सरयू तट स्थित ऋषभदेव पार्क का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। यह योजना काफी महंगी होगी।
इसलिए शासन से अनुमति मिलने के बाद ही इसको मूर्त रूप देने का काम प्रारंभ किया जाएगा। इस योजना के मूर्त रूप लेने पर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में अयोध्या को वैश्विक ऊंचाई प्राप्त होगी।
लंदन के टेम्स नदी के साउथ बैंक पर स्थित यूरोप का सबसे ऊंचा ब्रैकट ऑब्जर्वेशन व्हील है। यह एक बहुत बड़ा झूला है। ‘लंदन आई’ को मिलेनियम व्हील के नाम से भी जाना जाता है। इसकी ऊंचाई 135 मीटर है।
इसे शुरू होने में करीब 45 मिनट लगते हैं। इसे देखने के लिए लंदन सालाना करीब तीन लाख लोग आते हैं। अयोध्या में इसका निर्माण हुआ तो ऊंचाई कितनी होगी यह शासन-प्रशासन तय करेगा।